एनएफआर की 5 ट्रेनों में शुरू हुई तकनीक आधारित ऑन-बोर्ड सेवाएं, 2 घंटे में होगा यात्रियों की शिकायतों का समाधान

एनएफआर की 5 ट्रेनों में शुरू हुई तकनीक आधारित ऑन-बोर्ड सेवाएं, 2 घंटे में होगा यात्रियों की शिकायतों का समाधान

5 ट्रेनों में डिजिटल निगरानी से सुधरेगी सफाई और यात्री सुविधाएं

मालीगांव। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने यात्रियों को स्वच्छ, आरामदायक और बेहतर रेल यात्रा का अनुभव देने के लिए 5 चयनित ट्रेनों में तकनीक आधारित ऑन-बोर्ड सेवाएं शुरू की हैं। इस पहल के साथ पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे भारतीय रेलवे का दूसरा जोनल रेलवे बन गया है, जिसने इन सेवाओं को लागू किया है। इसके तहत डिजिटल निगरानी, आधुनिक साफ-सफाई व्यवस्था और यात्रियों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया जाएगा।

इस पहल में कामाख्या-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस, गुवाहाटी-कोलकाता गरीब रथ एक्सप्रेस, डिब्रूगढ़-मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस, न्यू जलपाईगुड़ी-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस और न्यू जलपाईगुड़ी-गुवाहाटी वंदे भारत एक्सप्रेस को शामिल किया गया है।

इन ट्रेनों में यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए सामान्य और वातानुकूलित कोचों की नियमित सफाई, खिड़कियों की स्वच्छता, शौचालयों का बेहतर रखरखाव, कचरे का उचित निस्तारण तथा चादर और अन्य लिनेन का समय पर वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही समर्पित टीमें यात्रियों को जरूरी तकनीकी सहायता उपलब्ध कराएंगी और कोचों में पानी की उपलब्धता पर भी नजर रखेंगी।

2 घंटे के भीतर होगा शिकायतों का समाधान

रेलवे की नई व्यवस्था के तहत यात्रियों की शिकायतों का 2 घंटे के भीतर समाधान करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्धारित समय में समस्या का निस्तारण नहीं होने पर शिकायत को संबंधित रेल अधिकारियों के पास भेजा जाएगा। इससे यात्रियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा और सेवा व्यवस्था में जवाबदेही भी बढ़ेगी।

डिजिटल निगरानी से कर्मचारियों के कामकाज पर नजर

सेवाओं को प्रभावी बनाने के लिए डिजिटल निगरानी प्रणाली, जियो-टैग के माध्यम से सेवा जांच, कर्मचारियों की गतिविधियों की निगरानी और केंद्रीकृत मॉनिटरिंग व्यवस्था लागू की गई है। यात्रियों से मिलने वाली वास्तविक समय की प्रतिक्रिया, स्टार रेटिंग और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित सफाई आकलन के जरिए सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की जाएगी।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य ट्रेनों में साफ-सफाई के उच्च मानक बनाए रखना, यात्रियों की संतुष्टि बढ़ाना और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। रेलवे का लक्ष्य तकनीक आधारित हाउसकीपिंग और डिजिटल निगरानी के माध्यम से यात्रियों को पहले से अधिक स्वच्छ, सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है।