एटा: खाद की किल्लत से किसानों में आक्रोश, डीएम कार्यालय के गेट पर चस्पा किया ज्ञापन आंदोलन की चेतावनी।

एटा: खाद की किल्लत से किसानों में आक्रोश, डीएम कार्यालय के गेट पर चस्पा किया ज्ञापन; आंदोलन की चेतावनी

एटा। जनपद में खाद की किल्लत को लेकर किसानों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। किसानों को समय पर खाद नहीं मिलने से खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। इसी समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन (किसान) के पदाधिकारी जिलाधिकारी कार्यालय एटा पहुंचे। यहां करीब दो घंटे इंतजार करने के बावजूद कोई सक्षम अधिकारी किसानों की समस्या सुनने नहीं पहुंचा। इससे नाराज पदाधिकारियों ने डीएम कार्यालय के मुख्य गेट पर ज्ञापन चस्पा कर विरोध जताया और जल्द समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

भारतीय किसान यूनियन (किसान) के प्रदेश महासचिव प्रत्येन्द्र शाह सिसोदिया ने कहा कि किसान खाद के लिए परेशान होकर इधर-उधर भटक रहे हैं। फसलों को समय पर खाद की आवश्यकता है, लेकिन किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक नहीं मिल पा रहे हैं। इसके बावजूद अधिकारियों द्वारा किसानों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

वहीं, राष्ट्रीय संगठन मंत्री रवि पाल ने कहा कि किसान अपनी समस्या लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन दो घंटे इंतजार करने के बाद भी कोई अधिकारी उनकी बात सुनने नहीं आया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब किसानों की समस्याएं अधिकारी नहीं सुनेंगे, तो किसान अपनी फरियाद लेकर कहां जाएंगे?

प्रदेश अध्यक्ष सत्येन्द्र सिंह ने कहा कि किसानों की समस्याओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसान देश का अन्नदाता है और उसकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान होना चाहिए।

पंचायत स्तर पर खाद वितरण की मांग

किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने जनपद में खाद की किल्लत तत्काल दूर कराने तथा किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीएपी और अन्य उर्वरक उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही खाद का वितरण पंचायत स्तर पर सुनिश्चित करने की मांग उठाई, ताकि किसानों को लंबी कतारों में लगने और खाद के लिए इधर-उधर भटकने से राहत मिल सके।

समाधान नहीं हुआ तो होगा आंदोलन

भारतीय किसान यूनियन (किसान) के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द खाद की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो संगठन जिलाधिकारी कार्यालय एटा पर बड़ा आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि किसानों के हक और सम्मान के लिए संगठन संघर्ष जारी रखेगा।

इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष नितिन ठाकुर, गवेंद्र पाल सिंह, मोनू गौतम, शिवा, नीरज, श्यामवीर सहित भारतीय किसान यूनियन (किसान) के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रिपोर्ट: रमेश जादौन, एटा।