उत्तर पश्चिम रेलवे प्रधान कार्यालय में मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस, भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रधान कार्यालय में सोमवार, 16 नवंबर 2026 को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। 15 नवंबर को अवकाश होने के कारण कार्यक्रम का आयोजन 16 नवंबर को किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर महाप्रबंधक आलोक मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर एवं भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।

इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक आलोक मिश्रा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जनजातीय समाज के अधिकारों और देश की स्वतंत्रता के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने विषम परिस्थितियों में लोगों को संगठित कर संघर्ष की मिसाल पेश की।

उन्होंने कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने का उद्देश्य उनके त्याग, बलिदान और विचारों को याद कर उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करना है। कार्यक्रम में रेलवे के विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने भी भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और राष्ट्रहित में उनके योगदान पर विचार रखे।

इस दौरान बीएल बैरवा, टीकाराम मीना, राजीव सारण और महेश कुमार शर्मा सहित रेलवे के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।