मालगाड़ियों की रफ्तार में उत्तर पश्चिम रेलवे देशभर में पहले स्थान पर, जोधपुर और अजमेर मंडल ने भी बनाया रिकॉर्ड

मालगाड़ियों की रफ्तार में उत्तर पश्चिम रेलवे देशभर में पहले स्थान पर, जोधपुर और अजमेर मंडल ने भी बनाया रिकॉर्ड

मालगाड़ियों की औसत रफ्तार में उत्तर पश्चिम रेलवे नंबर-1

जयपुर। मालगाड़ियों के तेज संचालन के मामले में उत्तर पश्चिम रेलवे ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। बेहतर परिचालन प्रबंधन, प्रभावी कार्ययोजना और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल के चलते उत्तर पश्चिम रेलवे ने मालगाड़ियों की औसत गति 25.09 किलोमीटर प्रति घंटे दर्ज की है। इस उपलब्धि के साथ उत्तर पश्चिम रेलवे ने भारतीय रेलवे में पहला स्थान हासिल किया है।

मंडल स्तर पर भी उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर और अजमेर मंडल ने शानदार प्रदर्शन किया है। जोधपुर मंडल ने 34.40 किलोमीटर प्रति घंटे की औसत गति के साथ मदुरै के बाद दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि अजमेर मंडल 33.77 किलोमीटर प्रति घंटे की औसत गति के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि यह उपलब्धि सुनियोजित परिचालन, बेहतर कार्य प्रबंधन और विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय का परिणाम है। मालगाड़ियों के संचालन में समय की बचत और उपलब्ध रेल संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि परिचालन गतिविधियों की नियमित निगरानी और अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से यह उपलब्धि हासिल हुई है। मालगाड़ियों की औसत गति बढ़ने से माल को गंतव्य तक कम समय में पहुंचाने में मदद मिलेगी। साथ ही रेल नेटवर्क की क्षमता का बेहतर उपयोग और माल ढुलाई व्यवस्था अधिक प्रभावी हो सकेगी।

रेलवे प्रशासन भविष्य में भी मालगाड़ियों की गति में सुधार बनाए रखने, समयबद्ध संचालन और सुरक्षित माल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए प्रयासजारी रखेगा।