उत्तर पश्चिम रेलवे ने छह महीने में 9.97 करोड़ यात्रियों को पहुंचाया गंतव्य तक

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक, आरामदायक और समयबद्ध रेल यात्रा उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए हैं। अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच उत्तर पश्चिम रेलवे की विभिन्न रेलसेवाओं से करीब 9.97 करोड़ यात्रियों ने यात्रा की, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 6.22 प्रतिशत अधिक है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, यात्रियों की बढ़ती संख्या रेलवे की ओर से उपलब्ध कराई जा रही परिवहन सुविधाओं के प्रति यात्रियों के बढ़ते विश्वास को दर्शाती है। इसी अवधि में यात्री परिवहन से उत्तर पश्चिम रेलवे को करीब 2,044 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आय करीब 1,811 करोड़ रुपये थी। इस तरह यात्री आय में लगभग 13 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

सितंबर में 1.75 करोड़ यात्रियों ने किया रेल सफर

सितंबर 2026 में भी उत्तर पश्चिम रेलवे पर यात्री संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि रही। इस दौरान करीब 1.75 करोड़ यात्रियों ने रेल यात्रा की और रेलवे ने उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाया। सितंबर में यात्री परिवहन से करीब 396 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई।

यह आय पिछले वर्ष सितंबर की तुलना में करीब 25 प्रतिशत अधिक रही। यात्री संख्या और आय में हुई वृद्धि के बीच रेलवे द्वारा लगातार बढ़ाई जा रही यात्री सुविधाओं और मांग के अनुरूप रेलसेवाओं के संचालन को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

त्योहारों पर विशेष ट्रेनों का संचालन

उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए नई रेलसेवाओं का संचालन करने के साथ ही मौजूदा ट्रेनों के फेरों में वृद्धि की जा रही है। इसके अलावा त्योहारों और विशेष अवसरों पर अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए विशेष रेलसेवाओं का संचालन किया जा रहा है।

रेलवे प्रशासन का प्रयास है कि यात्रियों को भीड़ के दौरान भी सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराई जा सके। इसके साथ ही यात्री सुविधाओं का लगातार विस्तार करते हुए सुरक्षित और आरामदायक रेल यात्रा सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।