इज्जतनगर रेलवे अस्पताल का अपर महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण, यात्री सुविधा और सुरक्षित परिचालन पर जोर

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल ने इज्जतनगर मंडल रेलवे चिकित्सालय का गहन निरीक्षण कर रेल कर्मचारियों और उनके आश्रितों को मिल रही चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अपर महाप्रबंधक ने अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यू.एस. नाग की मौजूदगी में अस्पताल के मेजर एवं माइनर ऑपरेशन थियेटर, आईसीयू, सर्जिकल वार्ड, अधिकारी एवं विशेष कक्ष, महिला और पुरुष वार्ड, दवा वितरण काउंटर तथा उप औषधि भंडार का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तार से जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेल कर्मचारियों और उनके आश्रितों को बेहतर, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। साथ ही मरीजों को सुविधाजनक और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं में लगातार सुधार पर जोर दिया।

विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं की भी हुई समीक्षा

इसके बाद अपर महाप्रबंधक ने मुख्यालय से आए प्रमुख मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर लोकेश विश्नोई की उपस्थिति में मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार और सभी शाखाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मंडल में चल रहे विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं, परिचालन व्यवस्था और विभागीय कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। अपर महाप्रबंधक ने विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को काम की गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर देते हुए आर्बिट्रेशन, रेल मदद, सीपीग्राम और डीएआर मामलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

सुरक्षित और संरक्षित रेल संचालन सर्वोच्च प्राथमिकता

अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल ने कहा कि रेलवे की कार्यप्रणाली में यात्री सुविधाएं, सुरक्षित एवं संरक्षित रेल परिचालन और गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य प्रमुख प्राथमिकताएं हैं। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी और परिणामपरक कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक में इज्जतनगर मंडल के सभी शाखाधिकारी मौजूद रहे।