इज्जतनगर यांत्रिक कारखाने में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत श्रमदान और पौधरोपण

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल स्थित यांत्रिक कारखाने में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ?स्वच्छता ही सेवा-2026? अभियान का आयोजन किया गया। इस वर्ष अभियान की थीम ?स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत? रखी गई। अभियान के दौरान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

अभियान के अंतर्गत कारखाना परिसर में स्वच्छता जागरूकता एवं परामर्श कार्यक्रम आयोजित किए गए। अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक श्रमदान कर कार्यस्थल तथा आसपास के क्षेत्रों की सफाई की। इस दौरान कर्मचारियों को स्वच्छता के महत्व और स्वच्छ आदतों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कारखाना परिसर में नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया। नाटक के माध्यम से स्वच्छता को लेकर जागरूकता फैलाने के साथ-साथ साफ-सफाई को दैनिक व्यवहार में शामिल करने का संदेश दिया गया।

पर्यावरण संरक्षण और हरित कार्यस्थल को बढ़ावा देने के लिए मुख्य कारखाना प्रबंधक श्री अशोक कुमार ने पौधरोपण किया। उनके निर्देशन में कारखाने की विभिन्न कार्यशालाओं में भी पौधे लगाए गए। इस अवसर पर कर्मचारियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

मुख्य कारखाना प्रबंधक अशोक कुमार ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को केवल अभियान तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से निरंतर सहयोग और सहभागिता के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित कार्यस्थल बनाए रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उप मुख्य यांत्रिक अभियंता प्रदीप कुमार एवं श्री सैलेश कुमार सिंह, कार्य प्रबंधक पवन वर्मा एवं शिखर दयाल, सहायक कार्मिक अधिकारी मुनिराज मीणा, सहायक कार्य प्रबंधक वी.डी. मीना, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता चंद्रसेन सिंह एवं भावेश कुमार, मुख्य कार्याधि धर्मेन्द्र कुमार जोहरी, कनिष्ठ अभियंता सोहेल अली सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अभियान के माध्यम से इज्जतनगर यांत्रिक कारखाने में स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और कार्यस्थल को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने का संदेश दिया गया।