अवैध वेंडिंग पर रेलवे का शिकंजा, 12 दिन में 130 वेंडर्स पकड़े 1.13 लाख रुपये जुर्माना वसूला, मेड़ता रोड में छह के खिलाफ केस

जोधपुर। ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर बिना अनुमति सामान बेचने वाले अनधिकृत वेंडर्स के खिलाफ जोधपुर मंडल ने सख्ती बढ़ा दी है। रेलवे के वाणिज्य विभाग और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीमों ने 1 से 12 सितंबर तक चलाए गए विशेष अभियान में 130 अनधिकृत वेंडर्स के खिलाफ कार्रवाई कर 1.13 लाख रुपये का जुर्माना वसूला।

अभियान के दौरान ट्रेनों के साथ-साथ स्टेशन परिसरों में भी सघन जांच की गई। रेलवे की टीमों ने बिना अनुमति खानपान और अन्य सामान बेचने वालों पर विशेष नजर रखी। इसी क्रम में मेड़ता रोड स्टेशन पर शनिवार को एक ही दिन में छह अनधिकृत वेंडर्स पकड़े गए। सभी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 144 के तहत मामले दर्ज किए गए।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में अनधिकृत वेंडिंग के खिलाफ लगातार धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। प्रमुख ट्रेनों और स्टेशनों पर निगरानी बढ़ाई गई है और रेलवे सुरक्षा बल के साथ वाणिज्य विभाग की टीमें लगातार जांच कर रही हैं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार अनधिकृत वेंडिंग से यात्रियों की सुरक्षा, खानपान की गुणवत्ता और स्टेशन की स्वच्छता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में बिना अनुमति सामान बेचने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अभियान के तहत जनविश्वास अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार भी कार्रवाई की जा रही है।

यात्रियों से अधिकृत विक्रेताओं से सामान खरीदने की अपील

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे खानपान सहित अन्य सामग्री केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदें। अनधिकृत वेंडर्स से सामान लेने से बचें और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी रेलवे प्रशासन को दें। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि अवैध वेंडिंग के खिलाफ अभियान आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा।