अम्बाला छावनी स्टेशन पर 9 सितंबर को पांच घंटे का ब्लॉक, दो ट्रेनें रद्द

अम्बाला। रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को और अधिक मजबूत बनाने के लिए अम्बाला छावनी रेलवे स्टेशन के यार्ड में 9 सितंबर 2026 को पांच घंटे का ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक सुबह 10:45 बजे से दोपहर 3:45 बजे तक रहेगा। इस दौरान सुपरस्ट्रक्चर डायमंड सिंगल प्वाइंट संख्या 225बी/226 पर 52 किलोग्राम रेल को हटाकर 60 किलोग्राम रेल लगाने का कार्य किया जाएगा।

ब्लॉक के कारण 9 सितंबर को गाड़ी संख्या 14502 करटोली पंजाब-अम्बाला एक्सप्रेस और गाड़ी संख्या 14501 अम्बाला-करटोली पंजाब एक्सप्रेस रद्द रहेंगी।

इसके अलावा अम्बाला छावनी स्टेशन पर कई ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में भी बदलाव किया गया है। गाड़ी संख्या 12054 अमृतसर-हरिद्वार एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म संख्या 1 के बजाय 3, गाड़ी संख्या 14618 अमृतसर-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म संख्या 2 के बजाय 3 और गाड़ी संख्या 22488 अमृतसर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म संख्या 1 के बजाय 6 पर आएगी।

गाड़ी संख्या 14649 जयनगर-अमृतसर एक्सप्रेस, 14617 पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर एक्सप्रेस और 15903 डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म संख्या 2 के बजाय प्लेटफॉर्म संख्या 4 पर आएंगी। गाड़ी संख्या 12926 अमृतसर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस और 22430 पठानकोट-दिल्ली एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 1 के बजाय प्लेटफॉर्म संख्या 6 पर आएंगी।

इसी तरह गाड़ी संख्या 22318 जम्मू तवी-सियालदाह एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म संख्या 2 के बजाय प्लेटफॉर्म संख्या 3 तथा गाड़ी संख्या 15011 लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म संख्या 2 के बजाय प्लेटफॉर्म संख्या 4 पर आएगी।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि 9 सितंबर को यात्रा से पहले ट्रेनों की स्थिति और प्लेटफॉर्म की जानकारी स्टेशन के पूछताछ केंद्र, उद्घोषणा प्रणाली, रेलवे कर्मचारियों, एनटीईएस या रेल मदद 139 के माध्यम से जरूर प्राप्त कर लें।