अनावश्यक चेन पुलिंग पर प्रयागराज मंडल की सख्ती, 9 माह में 2833 लोगों पर कार्रवाई

प्रयागराज। ट्रेनों के सुरक्षित और समयबद्ध संचालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रयागराज मंडल द्वारा अनावश्यक अलार्म चेन पुलिंग के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे की निगरानी और प्रवर्तन कार्रवाई के तहत 1 जनवरी से 30 सितंबर 2026 तक 2833 लोगों को अनावश्यक चेन पुलिंग के आरोप में गिरफ्तार कर रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

मंडल के अनुसार जनवरी में 274, फरवरी में 244, मार्च में 341, अप्रैल में 318, मई में 386, जून में 397, जुलाई में 289, अगस्त में 279 और सितंबर में 305 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट के स्तर पर सबसे अधिक 437 मामले कानपुर सेंट्रल, 275 टूंडला, 213 अलीगढ़, 212 इटावा, 207 प्रयागराज जंक्शन, 189 फतेहपुर, 180 नैनी और 170 फफूंद में सामने आए। इसके अलावा मिर्जापुर में 146, प्रयागराज छिवकी में 100, मानिकपुर में 99, सूबेदारगंज में 96, शिकोहाबाद में 96, फिरोजाबाद में 68 और चुनार में 66 लोगों पर कार्रवाई की गई।

रेल प्रशासन का कहना है कि अलार्म चेन की सुविधा यात्रियों की सुरक्षा के लिए वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों में दी गई है। इसका अनावश्यक इस्तेमाल ट्रेनों के संचालन में बाधा डालता है और समयपालन प्रभावित होने के साथ अन्य यात्रियों को भी परेशानी होती है।

प्रयागराज मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि अलार्म चेन का उपयोग केवल वास्तविक आपातकालीन स्थिति में ही करें। अनावश्यक चेन पुलिंग रेलवे अधिनियम के तहत दंडनीय है। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों की लगातार निगरानी कर दोषियों की पहचान और उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।