अजमेर–उदयपुर रेलखंड पर विशेष टिकट जांच अभियान, 288 यात्री पकड़े, 1.98 लाख रुपये वसूले

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव के निर्देशन में अजमेर?उदयपुर?अजमेर रेलखंड पर चलाए गए अभियान के दौरान 288 यात्रियों से किराया और जुर्माने के रूप में कुल 1 लाख 98 हजार 865 रुपये वसूल किए गए।

अभियान का संचालन मंडल वाणिज्य टिकट निरीक्षक के.के. मौर्य के नेतृत्व में 22 वाणिज्य एवं टिकट जांच कर्मियों की टीम ने किया। टीम ने रेलखंड से गुजरने वाली ट्रेनों और संबंधित स्टेशनों पर सघन जांच की।

जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले 259 यात्री पकड़े गए। इनसे 50,995 रुपये किराया और 1,29,500 रुपये अतिरिक्त प्रभार सहित कुल 1,80,495 रुपये वसूले गए। वहीं, उचित श्रेणी का टिकट नहीं होने पर यात्रा कर रहे 26 यात्रियों से 5,170 रुपये किराया और 13 हजार रुपये जुर्माने सहित कुल 18,170 रुपये वसूले गए। बिना बुक कराए सामान ले जाने के तीन मामलों में 200 रुपये जुर्माना भी वसूला गया।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा उचित एवं वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और सामान की विधिवत बुकिंग कराएं, ताकि यात्रा के दौरान असुविधा और वैधानिक कार्रवाई से बचा जा सके।