अजमेर मंडल में 141 बच्चों ने चित्रकारी के रंगों से दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन अजमेर मंडल के तत्वावधान में रविवार को रेल कर्मचारियों के बच्चों के लिए ऑन-द-स्पॉट ड्राइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों की रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना रहा।

प्रतियोगिता अजमेर के न्यू ऑफिसर्स क्लब, कचहरी रोड के अलावा मंडल के प्रमुख स्टेशनों भीलवाड़ा, उदयपुर, मारवाड़ जंक्शन और आबूरोड में आयोजित की गई। प्रतियोगिता को आयु के आधार पर तीन वर्गों में बांटा गया। प्रथम वर्ग में 6 से 9 वर्ष, द्वितीय वर्ग में 10 से 12 वर्ष तथा तृतीय वर्ग में 13 से 15 वर्ष आयु के बच्चों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा। अजमेर में 30 बच्चों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया, जबकि पूरे अजमेर मंडल में कुल 141 बच्चों ने विभिन्न केंद्रों पर भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर महिला कल्याण संगठन के पदाधिकारियों ने सभी प्रतिभागी बच्चों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर महिला कल्याण संगठन अजमेर मंडल की अध्यक्षा रिंकल भूतड़ा, सचिव ज्योति उषाहरा, कोषाध्यक्ष सुषमा कुमारी सहित संगठन के अन्य सदस्य मौजूद रहे।