Chandauli News:डीएम शैलेश ने किया अपील,मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का आखिरी मौका न गंवाएं, 28 और 29 नवंबर को बूथों पर पहुंचे मतदाता हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए चलेगा विशेष अभि

 

सुबह 10 से शाम चार बजे तक बूथों पर बैठेंगे बीएलओ, युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण पर रहेगा विशेष जोर

चंदौली। लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना बेहद जरूरी है। ऐसे में कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए जिला प्रशासन ने विशेष पहल की है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत 28 और 29 नवंबर को जिले के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम और विवरण की जांच अवश्य करें तथा छूटे हुए पात्र नागरिकों का नाम दर्ज कराने में सहयोग करें।

जिलाधिकारी ने बताया कि एक जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानते हुए निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं। इसी क्रम में 28 और 29 नवंबर को सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहेंगे। उनके पास 17 नवंबर को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी, जिससे नागरिक अपने नाम और अन्य विवरणों का सत्यापन कर सकेंगे।

दोनों दिनों में नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6, अपात्र अथवा मृतक मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन एवं निवास परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 उपलब्ध रहेगा। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी, जिससे लोगों को आवेदन करने में परेशानी न हो।

अभियान में खासतौर पर 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं, महिलाओं और अब तक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों, ग्राम प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं तथा सामाजिक संगठनों का सहयोग लिया जाएगा।

मतदाता सूची से संबंधित जानकारी और शिकायत के लिए जिला संपर्क केंद्र के दूरभाष नंबर 05412-1950 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा सिटीजन सर्विस पोर्टल और वोटर हेल्पलाइन एप पर उपलब्ध 'बुक ए कॉल विद बीएलओ' सुविधा के माध्यम से भी बीएलओ से संपर्क किया जा सकेगा।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अभियान के दौरान बूथों पर बीएलओ की अनिवार्य उपस्थिति, आवेदन पत्रों की उपलब्धता और हेल्प डेस्क का संचालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और संबंधित अधिकारी स्वयं मतदान केंद्रों का निरीक्षण करेंगे।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि 28 और 29 नवंबर को इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं। अपने परिवार, पड़ोस और गांव के उन सभी पात्र नागरिकों को भी जागरूक करें, जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है। लोकतंत्र में प्रत्येक मत की अहमियत है, इसलिए कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।