नगला निहाल में श्रीमद् भागवत कथा संपन्न, कल पूर्णाहुति व विशाल भंडारा

आगरा। गांव बिरहरु के नगला निहाल में चल रही श्रीमद् भागवत कथा एवं ज्ञान यज्ञ का सातवां दिन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिकता से परिपूर्ण रहा। कथा स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पूज्य आचार्य प्रवीन जी महाराज वृन्दावन धाम ने कथा में मोहिनी एकादसी के अवसर पर एकादसी की कथा विस्तार से सुनाई, श्रद्धालुओं ने कथा का रसपान किया,सुदामा चरित्र,दत्तात्रेय उपाख्यान,गोरक्षा जैसे प्रसंगों का मनोहारी वर्णन किया। उन्होंने भक्तों को बताया कि जीवन में धर्म, सत्य और सेवा ही सच्चा मानव धर्म है।

आचार्य जी के भावपूर्ण प्रवचनों से उपस्थित श्रोता भावविभोर हो उठे और वातावरण 'जय श्री कृष्णा' के जयघोष से गुंजायमान हो गया। महिलाओं ने भजन-कीर्तन के माध्यम से कथा को और भी भावमय बना दिया।

इस सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन परीक्षित कमलेश देवी, रन सिंह धाकरे, राज सिंह धाकरे एवं जितेन्द्र सिकरवार एडवोकेट के संयुक्त प्रयासों से संपन्न हो रहा है। आयोजकों ने बताया कि कथा का समापन गुरुवार को शाम छः बजे हो गया। 9 मई को दोपहर 12 बजे पूर्णाहुति के होने के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

गांव नगला निहाल का यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र में सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का संदेश दे रहा है। आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से समापन दिवस पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है।