अमन कुमार को उत्तर प्रदेश सरकार करेगी पुरस्कृत, पहली बार बागपत जिले को मिलेगा यह प्रतिष्ठित सम्मान

बागपत, 14 अक्टूबर 2024 ? जब स्वामी विवेकानंद ने "उत्तिष्ठ, जाग्रत, प्राप्य वरान्निबोधत" का आह्वान किया था, तब उन्होंने तत्कालिक प्रेरणा की बात कही थी, लेकिन इन पंक्तियों ने ऐसी ऊर्जा दी है, जो आज भी युवाओं को आगे बढ़ने का मार्गदर्शन करती हैं।

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को सेवा और समाज-कल्याण के क्षेत्र में दिए जाने वाले सर्वोच्च पुरस्कार 'स्वामी विवेकानंद यूथ अवार्ड' के लिए पहली बार बागपत जिले को सम्मानित किया जाएगा। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल महानिदेशालय, लखनऊ द्वारा जारी की गई राज्य स्तरीय स्वामी विवेकानंद यूथ अवार्ड की सूची में ट्यौढी गांव के निवासी अमन कुमार का नाम शामिल किया गया है। अपने सराहनीय कार्यों और उपलब्धियों के आधार पर अमन कुमार इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुने गए हैं। यह पहली बार है कि बागपत जिले से किसी युवा को यह सम्मान प्राप्त हो रहा है, जिससे जिलेभर में खुशी का माहौल है। जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अमन कुमार को लखनऊ में आयोजित समारोह में सम्मानित करेंगे।

राष्ट्रीय विकास और सेवा के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान के लिए दिया जाने वाला यह पुरस्कार पचास हजार रुपये की राशि, स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा, अंगवस्त्र, पदक और प्रमाण पत्र के साथ प्रदान किया जाता है। 22 वर्षीय अमन कुमार बागपत जिले के पहले युवा हैं, जिन्हें इस महत्वपूर्ण पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है। अमन वर्तमान में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) से समाज कार्य में अध्ययनरत हैं और उड़ान यूथ क्लब के अध्यक्ष हैं। उन्होंने इंटरमीडिएट की पढ़ाई सरूरपुर खेड़की इंटरमीडिएट कॉलेज से पूरी की है।

अमन कुमार स्वामी विवेकानंद से अत्यधिक प्रेरित रहे हैं। उनके दिनचर्या में महान व्यक्तियों की जीवनी और अखबार पढ़ना शामिल है। एक युवा सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में अमन का योगदान स्थानीय से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक फैला हुआ है। उनके कार्यों ने जहां स्थानीय स्तर पर बदलाव लाया, वहीं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी उनकी पहचान बनी। उन्हें 78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था।

अमन की यात्रा 2022 में शुरू हुई, जब उन्होंने नेहरू युवा केंद्र के साथ मिलकर बागपत जिला प्रशासन के लिए 'कांवड़ यात्रा एप' विकसित किया, जिससे तीन लाख से अधिक कांवड़ियों की यात्रा सुगम हुई। इसके बाद उन्होंने नगर निकाय निर्वाचन एप और लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान 'स्वीप बागपत एप' के निर्माण में भी योगदान दिया। उन्हें जी20 अध्यक्षता के दौरान बागपत के ब्रांड एंबेसडर के रूप में भी नियुक्त किया गया था। उनके अद्वितीय योगदान के लिए उन्हें जिला प्रशासन द्वारा कई बार सम्मानित किया गया, और उन्हें जिला स्वीप कोर कमेटी और निर्वाचन सोशल मीडिया सेल का सदस्य भी मनोनीत किया गया। हाल ही में गृह मंत्रालय द्वारा हिंदी के प्रचार-प्रसार में उनके योगदान के लिए भी उन्हें सम्मानित किया गया।

अमन कुमार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी सक्रिय रहे हैं। वह हंड्रेड संस्थान के एडवाइजरी बोर्ड के सदस्य हैं और शिक्षा क्षेत्र में नवाचारों की वैश्विक सूची तैयार करने में सहयोग करते हैं। उन्होंने यूनिसेफ के नेशनल यू एंबेसडर के रूप में भी महत्वपूर्ण कार्य किए हैं, जिसके लिए उन्हें 'इंडियाज मोस्ट वैल्यूएबल यू रिपोर्टर अवार्ड' से सम्मानित किया गया। इसके अलावा, वह यूनेस्को ग्लोबल यूथ कम्युनिटी के सदस्य हैं, जहां वह भारतीय युवाओं का प्रतिनिधित्व करते हैं।

अमन के लेखन में पर्यावरण संरक्षण को भी विशेष स्थान मिला है। उनकी पुस्तक 'चूज़ लाइफ' ने ग्लोबल यूथ बायोडायवर्सिटी नेटवर्क और यूएनएफसीसीसी जैसे संगठनों का ध्यान आकर्षित किया। वह क्लाइमेट कार्डिनल्स साउथ एशिया चैप्टर के कोऑर्डिनेटर भी हैं। उन्होंने यूनेस्को एमआईएल यूथ डिबेट सीरीज और आरकॉय एशिया एंड पैसिफिक कांफ्रेंस 2023 में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया है।

सम्मान और पुरस्कार: अमन कुमार को कई सम्मान प्राप्त हुए हैं, जिनमें ऋषिहुड यूनिवर्सिटी द्वारा चेंजिंग चॉक्स अवार्ड, यूनिसेफ इंडिया द्वारा इंडियाज मोस्ट वैल्यूएबल यू रिपोर्टर अवार्ड, शिक्षा रत्न सम्मान, यंग ट्रांसफॉर्मर्स अवार्ड, डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राष्ट्रीय शिक्षाविद सम्मान और अन्य प्रतिष्ठित पुरस्कार शामिल हैं।