हरदोई में एक महिला ने धर्म परिवर्तन के दवाब का आरोप लगाकर वीडियो किया था वायरल, पुलिस जांच में आरोपों की नहीं हुई पुष्टि, पति की दुकान खाली कराने का पाया गया विवाद

हरदोई। माधौगंज थाना क्षेत्र के नेहरू नगर गांव की एक महिला ने वीडियो वायरल कर धर्म परिवर्तन का आरोप लगाया था। जिसमें विशेष समुदाय के लोगों पर दवाब बनाने का आरोप था। पुलिस जांच में महिला के आरोप असत्य पाए गए है। जांच में पुलिस को पता चला कि पति की दुकान खाली कराए जाने को लेकर महिला ने आरोप लगाए हैं।

बताते चलें कि माधौगंज थाना क्षेत्र के नेहरू नगर निवासी एक युवती हिंदू धर्म अपनाकर सीमा कश्यप बन गई थी। फिर उसने निर्भय कश्यप से शादी कर ली। जिससे उसका एक पुत्र भी है। सीमा कश्यप ने हाल ही में एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है। जिसमें उसने विशेष समुदाय के लोगों पर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाया था। वीडियो में महिला का आरोप था कि विपक्षी लकड़ी के ठेकेदार और उनकी पुलिस से सांठगांठ है। इसीलिए पुलिस इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। महिला ने पति और बेटे का खतना कराकर विशेष समुदाय में शामिल होने के दवाब का भी आरोप लगाया था।

जब पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने मामले में जांच कराई तो कुछ और ही निकला है। हरदोई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सीमा कश्यप के पति निर्भय कश्यप एक अंडे की दुकान करते थे। जो निजामुद्दीन के मकान में थी। जिसमें किराया न चुकाने के कारण निजामुद्दीन ने दुकान को खाली करा दिया था। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद आया है। इसमें धर्म परिवर्तन की जो बात आ रही है अभी तक की जांच में इसकी पुष्टि नहीं हो पा रही हैं।