हरदोई पुलिस ने तीन हत्यारोपियों को किया गिरफ्तार, पत्नी से विवाद होने पर युवक की रूमाल से गला कसकर की थी हत्या, फिर कई थानों की पुलिस को चकमा देकर गंगा नदी में फेंका था शव

हरदोई। हरपालपुर थाना क्षेत्र के अर्जुनपुर का रहने वाला युवक अपनी ससुराल मलौथा गया हुआ था। जहां पत्नी से विवाद के बाद ससुरलीजनों ने उसकी हत्या कर शव को गंगा नदी में फेंक दिया था। जिसके संबंध में दीपक के पिता ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच में जुटी थी। तभी पुलिस को हत्या करके शव फेंके जाने के बारे में पता चला। इसके बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तत्कालीन एसपी के कार्यालय में दर्ज हुए मुकदमे में पुलिस ने अब सख्ती दिखाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

बताते चलें कि हरदोई के थाना हरपालपुर के अर्जुनपुर निवासी रामकुमार ने ससुराल गए अपने पुत्र दीपक के गुमशुदा होने की 26 मई 2024 को पुलिस को सूचना दी थी। जिसके आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी थी। तभी पुलिस को पता चला कि दीपक 10 नवंबर 2023 को अपनी ससुराल मलौथा गया हुआ था। जहां उसका अपनी पत्नी मीना से विवाद हो गया था। जिससे नाराज उसके ससुर बटेश्वर,साले विपिन व साढू अनुराग ने रूमाल से गला कसकर उसकी हत्या कर दी थी। आरोपियों ने अपने साथियों की मदद से दीपक के शव को सवायजपुर,फर्रूखाबाद और कन्नौज के रास्ते ले जाकर बिल्हौर -कानपुर नगर के नानामऊ पुल से गंगा नदी में फेंक दिया था। इस घटना में शामिल तीन आरोपियों विपिन,अनुराग और उसके साथी राजा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तत्कालीन एसपी केशव चंद गोस्वामी के कार्यकाल में दर्ज मुकदमे में कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। उस समय पुलिस कि सक्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई थानों को पार करके आरोपी कानपुर पहुंच गए थे। वहां उन्होंने नानामऊ पुल से शव को गंगा नदी में फेंक दिया था लेकिन पुलिस को कानो कान खबर नहीं लगी थी।

जैसे ही नवागत एसपी नीरज कुमार जादौन ने हरदोई जिले का कार्यभार ग्रहण किया है। तब से मानो पुलिस विभाग में जान आ गई हो और पुलिस पूरी तरह से सक्रिय नज़र आ रही है। पुलिस ने आनन फानन में इस घटना का खुलासा कर दिया है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं।

मामले में सीओ हरपालपुर रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि ससुराल में दीपक की हत्या हुई थी। जिसके शव को आरोपियों ने नानामऊ पुल से गंगा नदी में फेंक दिया था। पुलिस ने घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही हैं।