चंदौली-जिले के सैयदराजा में संतोष सिंह,चंदौली में राजीव सिंह तो चकिया में मिथिलेश तिवारी आज भी थाना प्रभारी, पुलिस की वेबसाइट से लोग हो रहे भ्रमित 

चंदौली- एक जुलाई को तीन नए कानून लागू होने के बाद थाना, कोतवाली के मालखानों का डिजिटलीकरण और पुलिसकर्मियों को डिजिटल प्लेटफार्म से जोड़ने पर भले ही जोर हो। लेकिन, अधिकारी व पुलिसकर्मी पुराने ढर्रे पर कार्य कर रहे हैं। इसका उदाहरण जनपद पुलिस की वेबसाइट है। इसमें जनवरी फरवरी में स्थानांतरित पुलिस अधिकारियों का विवरण देखा जा सकता है। वेबसाइट के अनुसार मुगलसराय में निरीक्षक दीनदयाल पांडेय तो सैयदराजा थाना के प्रभारी के रूप में संतोष कुमार सिंह का नाम अंकित है। इन निरीक्षकों का स्थानांतरण फरवरी की शुरुआत में ही दूसरे जिले में हो गया था।

थाना प्रभारी ही नहीं, बल्कि डीएसपी का विवरण भी अपडेट नहीं है। सकलडीहा थाना का क्षेत्र चंदौली प्रदर्शित कर रहा है। बेवसाइट अपडेट नहीं होने से ग्रामीण दिग्भ्रमित हो रहे हैं। वेबसाइट पर प्रदर्शित जानकारी के अनुसार सदर में राजीव कुमार सिंह, बलुआ में विनोद कुमार मिश्रा, चकरघट्टा में थाना प्रभारी के पद पर हरिनाथ भारती, इलिया में एसओ सत्येंद्र विक्रम सिंह, कंदवा में निरीक्षक श्यामा तिवारी थाना प्रभारी, नौगढ़ में एसओ अतुल कुमार, चकिया में एसओ मिथिलेश तिवारी सकलडीहा में विमलेश कुमार मौर्य थाना प्रभारी हैं। इनमें एसपी पीआरओ विनोद मिश्रा, मिथिलेश तिवारी व वर्तमान में चकिया एसओ अतुल कुमार को छोड़ दिया जाए तो लोकसभा चुनाव में आचार संहिता लागू होने से पूर्व ही निरीक्षक गैर जनपद में चले गए थे।

इन थानों की जानकारी अपडेट
जनपद के अलीनगर, बबुरी, थानापुर, घीना व शहाबगंज थाना की जानकारी अपडेट है। हां, यह जरूर है कि सर्किल के विवरण में सीओ आशुतोष त्रिपाठी के स्थान पर अभी भी रघुराज ही हैं। सकलडीहा में स्थानांतरण नवंबर 2023 में हो गया था। संभ्रांत लोगों का कहना है कि वेबसाइट पर सूचना अपडेट न होना पुलिस विभाग की लापरवाही उजागर कर रहा।

बदला सर्किल, नहीं बदले अधिकारी
पुलिस अधिकारियों का स्थानांतरण हो गया और जिले में पुलिस क्षेत्रधिकारियों का सर्किल बदल दिया गया। गैरजनपद से नए आए सीओ को सर्किल में तैनात भी कर दिया। वह पांच माह से अधिक दिन भी गुजार दिए। लेकिन, वेबसाइट पर अभी भी पुरानी जानकारी प्रदर्शित हो रही। तबादला के बाद जनवरी में झांसी जनपद गए सीओ रामवीर सिंह वेबसाइट पर सीओ सदर ही है। मौजूदा समय में इस सर्किल में तैनात सीओ राजेश राय का जिक्र ही नहीं है। यही नहीं, वर्तमान में सकलडीहा सीओ रघुराज की तैनाती चकिया में भी है। वहीं अब महिला थाना सीओ पीडीडीयू नगर के पास है, लेकिन थाना का सर्किल नहीं बदल सका है।

इस संबंध में एडिशनल एसपी आपरेशन अनिल कुमार यादव ने बताया कि अधिकारियों के बदलने के साथ ही पर सूचनाएं अपडेट हो जाती हैं।यदि ऐसा नहीं हुआ है तो शीघ्र ही इसे अपडेट करा दिया जाएगा, ताकि लोगों को सही जानकारी मिल सके।