नशा करने के लिए नहीं दिया पैसा तो  मनबढ़ पति ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से किया हमला, गंभीर रूप से पत्नी हुई घायल

चंदौली- सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत केशवपुर समीप एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले के कारण पत्नी को गंभीर चोटें आई। आनन-फानन में महिला को अस्पताल भर्ती करवाया गया जहां महिला की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। वहीं घटना के बाबत सदर पुलिस को सूचना दे दी गयी है।

जानकारी के अनुसार चंदौली नगर पंचायत के वार्ड नंबर -2 शास्त्री नगर निवासी शिवनारायण की पुत्री चंद्रतारा की शादी लगभग 12 वर्ष पहले बलुआ थाना के मथेला गांव निवासी प्रदीप राम से हुई थी। पिछले तीन साल से पति और पत्नी अलग रहे है। चंद्रतारा, फिलहाल एक निजी अस्पताल में काम करती है और अपने मायके में रह कर वह अपने 6 वर्षीय पुत्र अंश और 4 वर्षीय पुत्री शीतल की भरण-पोषण करती है। घायल चंद्रतारा ने बताया कि उसका पति नशेड़ी है और हमेशा उससे पैसा मांगता रहता है।

आरोप लगाया कि इस बार पैसे देने से मना किया तो पति ने कुल्हाड़ी से वार कर दिया। चंद्रतारा ने बताया कि कुल्हाड़ी के वार से उसके पैर सहित कई जगहों पर गंभीर चोटें आई है। उन्होंने बताया कि घटना की लिखित तहरीर सदर कोतवाली में दे दी है। साथ ही पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।