हरदोई में रिटायर्ड नलकूप कर्मी ने गोली मारकर की आत्महत्या, सुबह दूध लेकर लौटे और कमरे में चले गए, फिर लाइसेंसी पिस्टल से मारी गोली

हरदोई। शहर में एक रिटायर्ड नलकूप कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। बताया गया कि बुजुर्ग सुबह लगभग साढ़े 6 बजे दूध लेने गए थे। वहां से वापस लौटने के बाद वो घर में अपने कमरे में चले गए। इसी बीच 7 बजे के आसपास उनके कमरे से गोली चलने की आवाज आई तो हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुटी है।

जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अशराफ टोला निवासी अवधेश प्रसाद मिश्रा (71) नलकूप विभाग से रिटायर हो चुके थे। इसके बाद अब वह ठेकेदारी का काम कर रहे थे। बताया गया उनके तीन बेटे हैं, जिनमें से एक बेटा उनके साथ रहता है। शनिवार की सुबह तकरीबन 6:30 बजे अवधेश मिश्रा दूध लेने के लिए सिनेमा चौराहे पर गए थे। इसके बाद वापस आए और घर पर अपने कमरे में चले गए। सुबह करीब 7:00 बजे के आसपास उनके कमरे के अंदर से गोली चलने की आवाज से हड़कंप मच गया। घर वालों के अलावा आस पड़ोस के लोग दौड़ पड़े। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खोला। अंदर देखा तो अवधेश प्रसाद मिश्रा का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था। पुलिस ने इस बारे में उनके घर वालों से पूछताछ की। घर वालों ने बताया कि बुजुर्ग ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर सुसाइड किया है। घटना के पीछे क्या वजह रही यह परिवार के लोग भी स्पष्ट नहीं कर पा रहे है, फिलहाल पुलिस गोली चलने और उसके पीछे की वजहों को तलाश में जुटी हुई हैं। इस घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैं।