प्रधानपति ने दो बेटों व 5 साथियों के साथ मिलकर डॉक्टर को पीटा, मेडिकोलीगल में मनमानी चोटे न लिखने से थे नाराज़, धमकाते हुए कहा कि सीएमओ से मेरे बारे में पूछ लेना

हरदोई। लोनार थाना क्षेत्र के बावन सीएचसी पर तैनात डॉक्टर के साथ प्रधानपति और उसके गुर्गों ने मारपीट की है। गुरुवार की रात बावन सीएचसी में मेडिकोलीगल में मनमानी न कर पाने से नाराज प्रधानपति ने अपने 2 बेटों और अपने चार पांच अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। पूरे मामले में डॉक्टर की तहरीर पर प्रधानपति और उसके 2 बेटों के अलावा चार से पांच अज्ञात साथियों के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। जांच पड़ताल के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। कर्मचारियों ने दबंगों द्वारा किए गए गाली गलौज का वीडियो भी बनाया है।

जानकारी के अनुसार लोनार कोतवाली क्षेत्र के बावन सीएचसी में तैनात डॉ. दिलीप यादव के साथ सकरौली के प्रधानपति ने अपने गुर्गों के साथ मारपीट की है। डॉक्टर द्वारा दर्ज कराये गए मुकदमे में आरोप है कि गुरुवार की रात बह इमरजेंसी डयूटी में तैनात थे। इसी बीच रात करीब 12:30 बजे सकरौली गांव के प्रधानपति विश्वनाथ पाठक उर्फ मचले अपने दो बेटों व अपने 4 से 5 अन्य साथियों के साथ अपने गांव निवासी माया प्रकाश द्विवेदी का मेडिकोलीगल करवाने सीएचसी आये थे। यह लोग मेडिकोलीगल में मनमानी चोटे लिखवाना चाहते थे। जिसको लिखने से डॉक्टर ने मना कर दिया। इस बात से नाराज होकर पहले तो आरोपियों ने गाली गलौज किया। उन्होंने मना करने पर डॉक्टर की पिटाई कर दी। डयूटी पर तैनात मुन्नालाल, जयप्रकाश,विनोद कुमार ने बीच बचाव कराया। जानकारी मिलते ही सीएचसी इन्चार्ज डॉ. विनीत तिवारी ने जैसे तैसे मामला को शांत कराया। उसके बाद आरोपी मौके से चले गए। एक कर्मचारी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। शुक्रवार को पीड़ित डॉ. दिलीप यादव ने कार्यवाई के लिए लोनार पुलिस को तहरीर दी। जांच पड़ताल के बाद शुक्रवार की रात को पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया। शनिवार की सुबह डॉक्टर का मेडिकल करवाया गया। घटना के सम्बंध में कोतवाल आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है आरोपियों की तलाश की जा रही है। पूरे मामले में जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना से साथी डॉक्टरों में आक्रोश व्याप्त हैं।