दुल्हन ने शादी से किया इन्कार, बैरंग लौटी बारात

आलोक गुप्ता@


हरदोई : शहर क्षेत्र के सांडी चुंगी के निकट बुधवार की रात एक लॉन में दुल्हन ने बरात से इन्कार कर दिया। जिसके बाद दोनों पक्षों में खलबली मच गई। वहीं बरातियों ने कन्या पक्ष के लोगों पर बंधक बनाने का आरोप लगाया। देर रात तक दोनों पक्षों में विवाद चलता रहा। गुरुवार की दोपहर बरात बिन दुल्हन लौट गई।
शाहजहांपुर के रोजा निवासी बबलू पुत्र भगवानदीन की शादी शहर के कृष्ण नगरिया निवासी एक युवती के साथ तय हुई थी। बुधवार को एक लॉन में बरात आई थी। जिसमें दोनों पक्ष के रिश्तेदार शामिल थे। दूल्हे ने बताया कि दुल्हन की मां ने जेवर देखने के लिए मंगवाए। जेवर को देखकर कन्या पक्ष नाराज हो गया और कुछ देर बाद दुल्हन ने शादी से इन्कार कर दिया। आरोप है कि कन्या पक्ष ने सभी बरातियों को बंधक बना लिया। जिसके बाद दूल्हे की मां और अन्य महिलाएं लॉन में पहुंचीं और पूरी रात विवाद चलता रहा। वहीं दुल्हन के भाई ने बताया कि दूल्हे के एक महिला से अवैध संबंध हैं। जिसकी जानकारी बरात के समय परिवार के लोगों को हुई। जिसके बाद शादी से इन्कार कर दिया गया। गुरुवार दोपहर तक मामला चलता रहा और महिला थाना पहुंच गया। इसके बाद दोनों पक्षों ने आपस में बैठकर समझौता कर लिया।