हरदोई पहुंची मंडलायुक्त ने फरियादियों की सुनी समस्या, एक सप्ताह में शिकायतों का निस्तारण कराने के दिए निर्देश, अभ्युदय योजना की क्लासेज बंद होने पर नाराजगी की जाहिर

हरदोई। मंडलायुक्त रोशन जैकब ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मंडलीय जनता दर्शन में सुनी फरियादियों की समस्याएं। जिसमें अधिकतर राजस्व और निजी विवाद से संबंधित शिकायते आई है। उन्होंने पिछले जनता दर्शन में सुनी समस्याओं की समीक्षा की। साथ ही दोबारा शिकायत आने पर उसका 24 घंटे के अंदर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत चल रही कोचिंग क्लासेज बंद होने की शिकायत पर नाराजगी जाहिर की है।

शासन के निर्देश है कि मंडलायुक्त हर माह के पहले और अंतिम मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनता दर्शन कर फरियादियों की समस्याओं को सुनेंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए 1 अगस्त को मंडलीय जनता दर्शन का कार्यक्रम हरदोई में लगा था। जिसमें मंडलायुक्त रोशन जैकब ने फरियादियों की समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए थे। आज फिर 5 दिसंबर को हरदोई कलेक्ट्रेट सभागार में मंडलीय जनता दर्शन का कार्यक्रम लगाया गया। जिसमें सुनवाई के लिए पहुंची मंडलायुक्त रोशन जैकब ने पहले पूर्व की शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने शिकायतों का शत प्रतिशत निस्तारण होने पर संतुष्टि जाहिर की। आज के मंडलीय जनता दर्शन में सबसे अधिक राजस्व और कुछ अन्य विभागों की शिकायते आई। जिसमें उन्होंने कहा कि पिछले मंडलीय जनता दर्शन की शिकायत दोबारा आने पर 24 घंटे में निस्तारण किया जाये। साथ ही उन्होंने नई शिकायतों का 2 से 3 दिन या एक सप्ताह में निस्तारण करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए है। उन्होंने बताया कि अपर आयुक्त इन सभी शिकायतों की 10 दिन के बाद समीक्षा करने आयेंगे।

मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शुमार है। जिसे प्रदेश भर में समाज कल्याण विभाग के द्वारा संचालित किया जा रहा है। जिसमें यूपीएससी से लेकर तमाम प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है। हरदोई में समाज कल्याण विभाग की लापरवाही से अचानक अभ्युदय योजना के तहत क्लासेज बंद हो गई। इसके बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की पढ़ाई के लिए बच्चे दर दर भटकने लगे। जब बच्चे कोचिंग बंद होने की शिकायत करने मंडलायुक्त के पास पहुंचे। इस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और पुन: क्लासेज संचालित कराने के निर्देश दिये। मंडलायुक्त के निर्देश के बाद बच्चों ने खुशी जाहिर की है।