श्रीराम कथा में केवट प्रसंग व भरत चरित्र के मार्मिक वर्णन से नम हुई आंखें

इटियाथोक,गोंडा। ब्लॉक क्षेत्र के मध्य नगर गांव स्थित काली माता मंदिर परिसर में आयोजित नौ दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा के आठवें दिन अयोध्या से आए कथावाचक प्रकाश चंद्र जी महाराज ने केवट प्रसंग व भरत चरित्र का अत्यंत मार्मिक वर्णन किया।कथावाचक ने बताया कि प्रबल प्रेम के पाले पड़कर प्रभु को नियम बदलते देखा। भगवान केवट के समीप आए। गंगाजी का किनारा भक्ति का घाट है और केवट भगवान का परम भक्त है, किंतु वह अपनी भक्ति का प्रदर्शन नहीं करना चाहता था। अत: वह भगवान से ऐसी वाणी का प्रयोग करता है। केवट ने हठ किया कि आप अपने चरण धुलवाने के लिए मुझे आदेश दे दीजिए, तो मैं आपको पार कर दूंगा केवट ने भगवान से धन-दौलत, पद ऐश्वर्य, कोठी-खजाना नहीं मांगा। उसने भगवान से उनके चरणों का धूल मांगा। केवट की नाव से गंगा पार करके भगवान ने केवट को उतराई देने का विचार किया।माता सीता ने अर्धांगनी स्वरूप को सार्थक करते हुए भगवान के मन की बात समझकर अपनी कर-मुद्रिका उतारकर उन्हें दे दी। भगवान ने उसे केवट को देने का प्रयास किया, किंतु केवट ने उसे न लेते हुए भगवान के चरणों को पकड़ लिया। जो देवताओं के लिए भी दुर्लभ है, ऐसे भगवान के श्रीचरणों की सेवा से केवट धन्य हो गया। भगवान ने उसके नि:स्वार्थ प्रेम को देखकर उसे दिव्य भक्ति का वरदान दिया तथा उसकी समस्त इच्छाओं को पूर्ण किया।चित्रकूट पर भगवान का आगमन हुआ। यहां से भील राज निषाद भगवान को प्रणाम करके अपने गृह के लिए वापस हुए। मार्ग में शोकाकुल सुमंत जी को धैर्य देकर उन्होंने अवध भेजा। सुमंत द्वारा राम का वन गमन सुनकर महाराज दशरथ ने प्राणों का त्याग कर दिया। कैकेयी का त्याग करके भरत मां कौशल्या के भवन में आए। माता कौशल्या ने भरत को पूर्ण वात्सल्य प्रदान किया व राम वनवास और दशरथ मरण की संपूर्ण घटना को सुनाया। भरत ने मां के सामने शपथ पूर्वक कहा, मां मैं आपको भगवान श्रीराम से पुन: मिलाउंगा।भाई-भाई के प्रेम का दर्शन कराने के लिए ही श्रीराम और भरत जी के मिलन का प्रसंग आया। दोनों भाई एक दूसरे के लिए संपत्ति और सुखों का त्याग करने के लिए उद्यत थे और विपत्ति को अपनाना चाहते थे। यही भ्रातृप्रेम है। भरत ने भगवान की चरण पादुकाओं को सिंघासनारूढ किया और चौदह वर्ष तक उनकी सेवा की। यह भ्रातृ प्रेम की पराकाष्ठा है।ग्राम प्रधान सभाजीत सिंह ने बताया,कि 11 फरवरी को पूर्णाहुति व विशाल भंडारा का आयोजन किया गया है।रोहित सिंह, विकास सिंह, रंजन सिंह, वीर बहादुर सिंह, रमेश सिंह, बलबीर सिंह व छोटू सिंह मौजूद रहे।