‘धरती पुत्र’ की धरती पर थम गई थी मोदी की सुनामी

  • मैनपुरी में कायम रहा मुलायम का जलबा, विपक्षी नही जीत पाए सीट

पंकज शाक्य
मैनपुरी-
जिसका जलवा कायम है, उसका नाम मुलायम है। लोकसभा चुनाव 2014 में मोदी की सुनामी थी। अच्छे-अच्छों के किले इस सुनामी में ढह गए थे, लेकिन मुलायम सिंह यादव की जीत का सिलसिला नहीं थमा। हम बात कर रहे हैं मैनपुरी जिले की। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का आज निधन हो गया है। वह 81 साल के थे। मुलायम सिंह यादव के निधन की खबर से मैनपुरी में शोक की लहर दौड़ गई है।
समाजवादी पार्टी बनने के बाद से अब तक मैनपुरी लोकसभा सीट पर कुल नौ चुनाव हुए, जिसमें हर बार सपा जीती। पांच बार खुद मुलायम सिंह यादव यहां से चुनाव लड़े और जीतकर संसद पहुंचे। 1998 और 1999 में भले ही बलराम सिंह यादव ने चुनाव लड़ा, लेकिन जीत मुलायम के जलवे की हुई। 2004 के उपचुनाव में नेताजी के भतीजे धर्मेंद्र यादव और 2014 के लोकसभा चुनाव में मुलायम के पौत्र तेजप्रताप यादव यहां से चुनाव जीते, लेकिन इस बार भी पर्दे के पीछे मुलायम की ही जीत हुई। मैनपुरी में मुलायम का जलवा इस तरह कायम है कि आज तक विपक्षी दल एक बार भी इस सीट पर जीत दर्ज नहीं कर सके।

मैनपुरी लोकसभा सीट पर 1996 से कब्जा

मैनपुरी लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी का वर्ष 1996 से कब्जा चला आ रहा है। वर्ष 1996 में पहली बार मैनपुरी लोकसभा सीट से सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने चुनाव लड़ा और 52 हजार वोट से जीत हासिल की। इसके बाद उनकी जीत का आंकड़ा बढ़ता चला गया। वर्ष 2019 के चुनाव में जीत के आंकड़े में गिरावट आई है। सपा-बसपा के बीच गठबंधन होने से पार्टी नेता और कार्यकर्ता सपा संरक्षक की जीत पांच लाख वोटों के आसपास होने का दावा कर रहे थे। खुद मंच से पार्टी नेताओं ने एलान किया था कि मुकब किलायम सिंह को यहां से ऐतिहासिक जीत मिलेगी, लेकिन ऐसा हो नहीं सका।

कब कितने वोट से जीते मुलायम

लोकसभा चुनाव 2019 के नतीजे

सपा प्रत्याशी मुलायम सिंह यादव- 524926
भाजपा प्रत्याशी प्रेम सिंह शाक्य- 430537
जीत का अंतर - 94389

लोकसभा चुनाव वर्ष 2014

सपा प्रत्याशी मुलायम सिंह यादव -595455
भाजपा प्रत्याशी शत्रुघन सिंह चौहान - 231117
जीत का अंतर -364338

लोकसभा चुनाव वर्ष 2009

सपा प्रत्याशी मुलायम सिंह यादव - 392308
बसपा प्रत्याशी विनय शाक्य-219239
जीत का अंतर -173069

लोकसभा चुनाव वर्ष 2004

सपा प्रत्याशी मुलायम सिंह यादव - 460470
बसपा प्रत्याशी अशोक शाक्य - 122600
जीत का अंतर - 337870
लोकसभा चुनाव वर्ष 1996

सपा प्रत्याशी मुलायम सिंह यादव -273303
भाजपा प्रत्याशी उपदेश सिंह चौहान - 221345
जीत का अंतर - 51958