ताउते चक्रवात का कहर:अरब सागर में कानपुर के सुशील की मौत,चंदौली के यतेंद्र लापता

ताउते चक्रवात का कहर:अरब सागर में कानपुर के सुशील की मौत,चंदौली के यतेंद्र लापता

संवाददाता कार्तिकेय पांडेय

ताउते चक्रवात ने यूपी के कई परिवारों पर भी कहर ढाया है। अरब सागर में बोट पर तैनात कानपुर के सुशील की मौत की खबर आई है। वहीं चंदौली के यतेंद्र विक्रम सिंह लापता हैं। दोनों युवक मर्चेंट नेवी में तैनात थे।

अरब सागर में डूबे जहाज में कानपुर के युवक सुशील कुमार ( 24) की जान चली गई है। दो दिन से लापता सुशील के परिजनों को गुरुवार को मौत की जानकारी मिली। सुशील ओसीएन-303 नामक निजी कंपनी के मालवाहक जहाज के क्रू मेंबर थे। उनका परिवार कानपुर के ककवन ब्लॉक के फत्तेपुर गांव में रहता है।


वहीं, चंदौली ब्यूरो के अनुसार यतेंद्र विक्रम सिंह चीफ ऑफिसर के तौर पर वर्ष 2005 से कार्यरत हैं। अरब सागर में मुंबई से लगभग 70 किमी अंदर मुंबई हाई में एनजीटी का ऑयल फील्ड है। जहां बड़े बड़े बार्ज को इधर उधर करने के लिए अलग अलग टग बोट लगाए जाते हैं। समय-समय पर बार्ज को सपोर्ट करते हैं। वारप्रदा टग बोट भी इनमें से एक था, जो चक्रवाती तूफान तौकते के दौरान सोमवार को समुद्र में डूब गई।

कुल 11 लोग सवार थे। संभावना जताई जा रही है कि टगबोट को डूबते देख उसमें सवार कर्मी जीवन रक्षक जैकेट पहनकर समुद्र में कूद गए हैं। दो को हेलीकॉप्टर की मदद से रेस्क्यू कर बचा लिया गया। जबकि 9 अन्य अभी तक लापता हैं।

हिंगुतरगढ़ निवासी यतेंद्र विक्रम सिंह के परिजन चार दिन बाद भी कोई ठोस जानकारी नहीं मिलने से परेशान हैं। अब भी उनके सकुशल घर लौटने की आस लगाए हुए हैं। गांव निवासी जगमोहन सिंह (पीटी ऑफिसर नेवी) और रितेश सिंह (बैंकर) मुंबई तट पर बुधवार से ही लगे हैं। उन लोगों के मुताबिक बचाव दल ने अभी लापता हुए लोगों की उम्मीद नहीं छोड़ी है। उनके घर पर चार दिन से चूल्हा नहीं जला है। मां व दोनों भाई धीरेंद्र विक्रम और शैलेंद्र विक्रम सहित पूरा परिवार सदमे में है।