डीडीयू नगर में व्यापारी की कार का शीशा तोड़ उचक्कों ने उड़ाया नकदी से भरा बैग

चंदौली। जनपद के मुगलसराय कोतवाली नगर क्षेत्र में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। कैलाशपुरी मोड़ के ठीक सामने दिनदहाड़े उचक्कों ने एक प्रतिष्ठित व्यापारी की खड़ी कार का शीशा तोड़कर नकदी व महत्वपूर्ण कागजात से भरा बैग चोरी कर लिया। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग स्तब्ध रह गए।

जानकारी के अनुसार, मुगलसराय के एक जाने-माने व्यापारी अपनी फोर व्हीलर वाहन सड़क किनारे खड़ी कर किसी काम से कुछ ही देर के लिए उतरे थे। इसी बीच घात लगाए बदमाशों ने मौके का फायदा उठाते हुए कार का शीशा तोड़ा और भीतर रखा बैग लेकर फरार हो गए। बैग में बड़ी मात्रा में नकदी के साथ जरूरी दस्तावेज भी रखे होने की बात कही जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। हालांकि, दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जिले में लगातार बढ़ रही चोरी और लूट की घटनाओं से आमजन में भय का माहौल है। बेखौफ अपराधी आए दिन वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जबकि पुलिस दावे तो कर रही है, लेकिन घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।