सिरसागंज की खास खबरेंः रुपये हड़पने के आरोप में बंधक बनाकर पीटा, बालिका इंटर काॅलेज में बेदम हुआ ‘बेटी पढ़ाओ’ का नारा

रुपये हड़पने के आरोप में बंधक बनाकर पीटा
पल्स ग्रीन कंपनी के लेनदेन के चलते हुए विवाद
सिरसागंज। पल्स ग्रीन कंपनी में जमा कराई गयी धनराशि के चक्कर में एक व्यक्ति को बंधन बनाकर जमकर पीटा गया। जान से मारने का प्रयास करने का आरोप भी लगाया गया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हैवतपुर रोड दुर्गा गली निवासी हरिओम पल्स ग्रीन कंपनी में काम करता था। कुछ वर्ष पूर्व किन्हीं कारणों से कंपनी का लेनदेन ठप हो गया। जिन लोगों ने पैसा जमा किया था, उनका पैसा कंपनी मंे फंस गया। नियोक्ताओं ने कोर्ट में याचिका दायर कर दी है जिस पर सुनवाई चल रही है।
खेमगंज सिकरवार मोहल्ला निवासी अनीता पत्नी राजेश कुमार ने हरिओम के माध्यम से कंपनी में पैसा जमा किया था। कंपनी ठप हो जाने के बाद अनीता ने हरिओम से तगादा किया। हरिओम ने बताया कि कोर्ट के आदेश के बाद कंपनी सभ्ी भुगतानों का निस्तारण करेगी, तब तक इंतजार करना पड़ेगा।
हरिओम का आरोप है कि अनीता और उसके परिवार वाले मिल कर काफी दिनों से उसे धमकियां दे रहे हैं। आरोप है कि मंगलवार को अनीता और उसके परिजनों ने हरिओम को बाजार से पकड़ कर अपने घर में बंद कर लिया और मारपीट की। उसके बाद ये लोग पल्सर मोटर साइकिल से गांव इमलिया के निकट एक ढाबे पर ले गये। जहां गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। हरिओम ने बताया कि संयोग से वहां पर पुलिस आ गयी। पुलिस उसे हमलावरों के चंगुल से बचाया। हरिओम की पत्नी पिंकी ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बालिका इंटर काॅलेज में बेदम हुआ ?बेटी पढ़ाओ? का नारा
जुगाड़ के शिक्षकों से चल रही नगला बल्ल की शिक्षण संस्था
सिरसागंज। एक तरफ केंद्र और राज्य की सरकार पूरी जोर से बालिका शिक्षा के नारे लगवा रही है तो दूसरी तरफ जमीनी हकीकत इस नारे से कोसों दूर मालूम होती है। समीपवर्ती ग्राम नगला बल्ल में स्थित राजकीय बालिका इंटर काॅलेज इसकी प्रत्यक्ष गवाही दे रहा है, जहां पर काॅलेज की स्थापना के तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी शिक्षकों की तैनाती नहीं हो सकी है। बालिकाओं की पढ़ाई-लिखाई दूसरे काॅलेजों के शिक्षकों के भरोसे चल रही है।
ग्राम सभा जायमई के मजरा नगला बल्ल में 2017 में राजकीय बालिका इंटर काॅलेज आरंभ किया गया था। यहां पर कक्षा 6 से कक्षा 12 तक बच्चियां पढ़ने आती हैं। कक्षा 10 और 12 के तीन बैच पढ़ कर निकल चुके हैं। लेकिन हैरानी की बात यह है कि इस काॅलेज के पास अपना निजी कोई शिक्षक नहीं है। विभागीय सूत्र बताते हैं कि आसपास के इलाके के काॅलेजों में कार्यरत शिक्षकों को यहां पर समय-समय पर अटैच कर दिया जाता है, वे शिक्षक ही शिक्षण कार्य की बागडोर संभाले हुए हैं।
अभिभावक भी सरकार की लापरवाही से परेशान हैं। उनका कहना है कि अटैचमेंट वाले शिक्षकों से अक्सर बच्चे संतुष्ट नहीं होते हैं। इसके अलावा वे शिक्षक जिन मूल विद्यालयों में पदस्थ हैं, वहां के बच्चों के हित भी प्रभावित होते हैं। मालूम हो कि जिले के अन्य राजकीय काॅलेजों मंे भी पर्याप्त शिक्षक नहीं है। ऐसे में शिक्षकों को दूसरे स्थान पर अटैच कर दिये जाने से रही सही व्यवस्था भंग होने लगती है।
राजकीय शिक्षक संघ उत्तर प्रदेष ने इस मामले पर चिंता व्यक्त करते हुए सांसद डाक्टर चंद्रसेन जादौन से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा है। उन्हें समस्या से अवगत कराते हुए राजकीय काॅलेजों में व्याप्त शिक्षकों की कमी को अतिशीघ्र दूर करने की मांग की है। राजकीय शिक्षक संघ इकाई फिरोजाबाद के जिलाध्यक्ष उदयपाल सिंह ने कहा है कि ग्रामीण अंचल की बालिकाओं के हितों को देखते हुए शासन से अपेक्षा है कि जल्द से जल्द नगला बल्ल काॅलेज में पद सृजन किया जाए एवं जिले के अन्य काॅलेजों में शिक्षकों की कमी को दूर किया जाए।

तीन महीने से नहीं मिला वेतन, अब कैसे मनाएं दीपावली
राजकीय शिक्षकों ने मुख्यमंत्री से लगायी गुहार
सिरसागंज। जनपद में राजकीय कालेजों की स्थिति ठीक नहीं मालूम होती है। एक तरफ शिक्षकों की कमी से विद्यालय त्रस्त हैं वहीं दूसरी ओर जो शिक्षक सेवाएं दे रहे हैं उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। राजकीय शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री से तीन महीने का बकाया वेतन शीघ्र भुगतान कराने की मांग की है।
राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष उदयपाल सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सांसद डाक्टर चंद्रसेन जादौन को सुपुर्द किया। ज्ञापन में कहा गया है कि जुलाई 2020 का वेतन मिला था, उसके बाद से अब तक वेतन नहीं मिला है। जिसके कारण से शिक्षकों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा है कि दीपावली का त्योहार निकट है। दीपावली को लेकर राज्य और केंद्र के विभिन्न कर्मचारियों को सरकार तरह-तरह के तोहफे प्रदान कर रही है लेकिन फिरोजाबाद जिले के शिक्षकों के वेतन के लिए बजट के आवंटन में सुस्त रवैया परेशान करने वाला है।
जिला मंत्री राजेश कुमार ने कहा कि राष्टीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के अंतर्गत संचालित प्रदेश के राजकीय हाईस्कूल एवं इंटर काॅलेजों के शिक्षकों के वेतन एरियर तथा चिकित्सा प्रतिपूर्ति का भुगतान अविलम्ब अवमुक्त किया जाना चाहिए। अन्यथा की स्थिति में शिक्षकगण दीपावली का त्योहार मनाने से वंचित हो सकते हैं।

उन्नत खेती के बल पर किसान हो सकते हैं मालामाल
मीठा, मुलायम और प्रोटीनयुक्त चारा फसल का प्रदर्शन
सिरसागंज। कृषि की उन्नत तकनीक एवं बीज की नयी किस्मों के प्रयोग से किसानों की बदहाली दूर हो सकती है। लागत का मामूली अंतर भारी मुनाफा देता है। लेकिन आज भी बड़ी संख्या में किसान परंपरागत साधनों के मोह से बंधे बैठे हैं। जागरूकता के अभार के कारण वे लगातार जीविका उपार्जन के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
उन्नतशील खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समीपवर्ती गांव नगला राधे में किसान गोष्ठी में कृषि विशेषज्ञ डाक्टर जगदीश सिंह जग्गी ने यह विचार व्यक्त किये। उन्होंने किसानों को बीजों की बैराइटी, बोने की सही समय, फसल की देखरेख के बारे में विस्तार से जानकारी दी। किसान संगोष्ठी में पालतू पशुओं के हरे चारे की फसल के बारे में मुख्य रूप से बात की गयी।
कृषि विशेषज्ञ डाक्टर जगदीश सिंह ने बताया कि पशुओं के हरे चारे के लिए ज्वार की नयी किस्म डेयरी ग्रीन क्रष्टल कंपनी द्वारा विकसित की गयी है। जिसका पौधा लंबे समय तक हरा रहता है, उसे गन्ने से क्रास करके तैयार किया गया है इसलिए इसमें गन्ने का मिठास होता है। पशु इसे अच्छे से खाता है। दूध भी ज्यादा देता है और उसका स्वास्थ्य भी अच्छा रहता है। यह फसल 50 दिन में तैयार हो जाती है। बुआई मार्च से जून होती है। इसका पौधा 18 फीट तक ग्रोथ करता है।
गोष्ठी में फसल विवधीकरण करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत नगला राधे के उन्नतशील किसान लोकेशबाबू के खेत पर ज्वार की लहलहाती फसल का प्रदर्शन किया गया। लोकेश बाबू ने कहा कि फूलों की खेती, सरसों खेती से नियमित आमदनी करना भी जरूरी है। कम समय में अधिक उत्पादन के प्रयास करने चाहिए। गोष्ठी में क्षेत्र के जागरूक किसान सुगर सिंह दिवाकर, रामदास, विपिन कुमार, छुट्टन खां, अजब सिंह, जवाहरलाल सारस्वत आदि मुख्य रूप से उपस्थिति हुए।