26/11 आतंकी हमले के शहीदों को सेंट्रल रेलवे ने दी श्रद्धांजलि, सीएसएमटी पर पुष्पचक्र अर्पित कर किया नमन

मुंबई। वर्ष 2008 में 26 नवंबर को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) पर हुए आतंकी हमले में शहीद हुए बहादुर पुलिस अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, रेलवे कर्मचारियों और निर्दोष यात्रियों को सेंट्रल रेलवे ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

26 नवंबर 2026 को सीएसएमटी स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मुंबई मंडल के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त राहुल राज और सीएसएमटी के स्टेशन निदेशक चंद्रकांत पगारे सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया।

कार्यक्रम में सेंट्रल रेलवे की आरपीएफ डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते (बीडीडीएस) ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि दी। वहीं आरपीएफ बैंड ने देशभक्ति की धुनें बजाकर कार्यक्रम को भावपूर्ण बना दिया। इस दौरान शहीदों के साहस, बलिदान और देशभक्ति को याद किया गया।

सेंट्रल रेलवे ने 26/11 आतंकी हमले में अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी वीरों और निर्दोष नागरिकों को नमन करते हुए रेलवे यात्रियों एवं रेलवे परिसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।