मध्य रेलवे की पर्यावरण संरक्षण की बड़ी पहल, माटुंगा वर्कशॉप में 2 मेगावाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित

मध्य रेलवे की पर्यावरण संरक्षण की बड़ी पहल, माटुंगा वर्कशॉप में 2 मेगावाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित

सौर ऊर्जा से रेलवे को हर साल 1.90 करोड़ रुपये की बचत

मुंबई।भारतीय रेलवे को पर्यावरण के अनुकूल और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मध्य रेलवे लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है। इसी कड़ी में मध्य रेलवे की ऐतिहासिक माटुंगा वर्कशॉप में 2 मेगावाट क्षमता के रूफटॉप सोलर पावर प्लांट स्थापित किए गए हैं। इस पहल से रेलवे को हर साल लगभग 1.90 करोड़ रुपये की बिजली खर्च में बचत होने का अनुमान है। साथ ही प्रतिवर्ष लगभग 28.56 लाख यूनिट स्वच्छ बिजली का उत्पादन किया जाएगा।

माटुंगा वर्कशॉप भारत की सबसे पुरानी रेलवे कार्यशालाओं में से एक है। इसकी स्थापना वर्ष 1915 में तत्कालीन ग्रेट इंडियन पेनिनसुला (जीआईपी) रेलवे के समय हुई थी। 100 वर्षों से अधिक समय से यह कार्यशाला भारतीय रेलवे को अपनी सेवाएं दे रही है। यहां ब्रॉडगेज और नैरोगेज के कोच एवं मालगाड़ियों के डिब्बों के रखरखाव और मरम्मत का कार्य किया जाता रहा है।

भारतीय रेलवे के वर्ष 2030 तक नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए कार्यशाला की छतों का बेहतर उपयोग कर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए गए हैं। खास बात यह है कि इन संयंत्रों की स्थापना में रेलवे को कोई शुरुआती पूंजी निवेश नहीं करना पड़ा। इन्हें रेस्को मॉडल के तहत विकसित किया गया है, जिसमें निजी विकासकर्ता संयंत्रों की स्थापना, संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी निभाते हैं। रेलवे निर्धारित बिजली खरीद समझौते की दरों पर उत्पादित सौर ऊर्जा खरीदता है।

दो चरणों में स्थापित किए गए सोलर प्लांट

माटुंगा वर्कशॉप में कुल 2 मेगावाट एसी क्षमता के दो ग्रिड से जुड़े रूफटॉप सोलर प्लांट लगाए गए हैं। इनमें पहला 1,000 किलोवाट क्षमता का संयंत्र एसजी रिन्यूएबल्स, नई दिल्ली द्वारा स्थापित किया गया, जिसे फरवरी 2020 में चालू किया गया। दूसरा 1,000 किलोवाट क्षमता का संयंत्र कॉमस्पेक रिन्यूएबल, हैदराबाद द्वारा स्थापित किया गया, जिसे मार्च 2026 में शुरू किया गया।

दोनों संयंत्रों में कुल 2,300 किलोवाट पीक क्षमता के सोलर मॉड्यूल, 5,448 सौर पैनल और 35 इन्वर्टर लगाए गए हैं। दोनों संयंत्रों में नेट मीटरिंग की सुविधा भी उपलब्ध है।

बिजली की जरूरत का 42.5 प्रतिशत हिस्सा सौर ऊर्जा से होगा पूरा

इन सोलर प्लांट से प्रतिवर्ष लगभग 28.56 लाख यूनिट बिजली उत्पादन होने का अनुमान है। इससे माटुंगा वर्कशॉप की कुल बिजली आवश्यकता का करीब 42.5 प्रतिशत हिस्सा पूरा किया जा सकेगा। इससे पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम होगी और रेलवे के ऊर्जा खर्च में बड़ी बचत होगी।

पर्यावरण संरक्षण के लिहाज से भी यह परियोजना महत्वपूर्ण है। सौर ऊर्जा के इस्तेमाल से प्रतिवर्ष लगभग 2,340 मीट्रिक टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आने का अनुमान है। संयंत्रों की बेहतर कार्यक्षमता बनाए रखने के लिए ऑनलाइन रिमोट मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है। इसके माध्यम से बिजली उत्पादन और संचालन की लगातार निगरानी की जाती है। साथ ही सौर पैनलों की नियमित सफाई और बिजली उत्पादन का सत्यापन भी किया जा रहा है।

मध्य रेलवे में लक्ष्य से अधिक सौर क्षमता स्थापित

मध्य रेलवे में रूफटॉप सोलर संयंत्रों के विस्तार को लेकर भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा मध्य रेलवे के लिए 10.33 मेगावाट पीक क्षमता के रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके मुकाबले मध्य रेलवे में अब तक 14.79 मेगावाट पीक क्षमता के संयंत्र चालू किए जा चुके हैं। मध्य रेलवे में कुल चालू रूफटॉप सोलर क्षमता अब 22.68 मेगावाट पीक तक पहुंच गई है।

माटुंगा वर्कशॉप की यह पहल दर्शाती है कि रेलवे अपने मौजूदा बुनियादी ढांचे का उपयोग कर स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ आर्थिक बचत और पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्यों को भी हासिल कर सकता है। यह कदम भारतीय रेलवे को हरित और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था की ओर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।