चंदौली-जनपद में यहाँ जिउतिया के दिन ही गंगा में डूबकर युवक की मौत,परिजनों में मचा कोहराम

चंदौली जनपद में यहाँ जिउतिया के दिन ही गंगा में डूबकर युवक की मौत,परिजनों में मचा कोहराम

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

चंदौली-जनपद में गुरुवार को डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पर इस असहनीय दुख की शिकार एक किशोर की माता हुईं, क्योंकि आज तो उन्होंने अपने लाल की दीर्घायु के लिए जीवित्पुत्रिका व्रत रखा था।


चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र के शेरपुर सरैया गांव में दोस्तों के साथ सुबह में गंगा स्नान करने गए सूरज यादव उर्फ गोलू (17) गहरे पानी में डूब गया। दोस्तों के शोर मचाने पर रोते बिलखते परिजन भी पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस गोताखोरों की मदद से किशोर की खोज करने में जुटी रही, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।


दोस्तों ने बताया कि वह सरसों व परवल की खेती के लिए खेत की तैयारी करने के लिए गंगा तट पर गया था। इसके बाद दोस्तों के साथ गंगा नदी में स्नान करने लगा। देखते ही देखते वह गहरे पानी मे चला गया। साथ में स्नान कर रहे दोस्तों ने हो हल्ला मचाते हुए सूरज को बचाने के लिए काफी प्रयास किया।

लेकिन काफी मशक्कत के बाद भी कोई सफलता मिली, तो ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी होते पर पुलिस ने नाव व जाल लगवाकर गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू की। लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया है।