24 घंटे के भीतर चोरी की दो वारदातों का खुलासा, एक अभियुक्त गिरफ्तार

24 घंटे के भीतर चोरी की दो वारदातों का खुलासा, एक अभियुक्त गिरफ्तार

सुरसा पुलिस की कार्रवाई से चोरी के मामलों में मिली सफलता, सोने-चांदी के जेवरात और नकदी बरामद

#हरदोई

.

थाना सुरसा पुलिस ने नकबजनी और चोरी की दो घटनाओं का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को चोरी के माल सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई में सोने-चांदी के जेवरात और नकदी बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक, पहली घटना 17 अक्टूबर 2026 की है। खुदी मढ़िया पुन्निया निवासी सत्यपाल पुत्र राजाराम रैदास के बंद मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात, कपड़े और नकदी चोरी कर ली थी। इस संबंध में थाना सुरसा में मुकदमा दर्ज किया गया था।

वहीं दूसरी घटना 10 नवंबर 2026 की रात ढोलिया निवासी महेश गुप्ता पुत्र श्रीपाल के घर हुई। चोरों ने दरवाजे के ऊपर लगा जंगला काटकर बक्से में रखी करीब 30 हजार रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे।

लगातार हुई चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी के निर्देश पर पुलिस ने जांच और पूछताछ तेज की। थाना प्रभारी विश्वास शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर ढोलिया निवासी उमाशंकर उर्फ दूबरी पुत्र रामविलास को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से बरामद किए ये सामान:

- 2,050 रुपये नकद

- एक सोने का हार

- एक सोने की मांग बेदी

- एक कमर करधनी

- नौ जोड़ी बिछिया

- एक जोड़ी पायल

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद चोरी की घटनाओं के खुलासे से संबंधित क्षेत्र में लोगों ने राहत महसूस की है। मामले में पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट: डी डी शुक्ला