23,200 फीट ऊंचे माउंट कुन पर सोनिया कुशवाहा ने फहराया तिरंगा, वापसी पर भव्य स्वागत

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे की हॉकी खिलाड़ी और पर्वतारोही सोनिया कुशवाहा ने लद्दाख की दुर्गम ज़ंस्कार पर्वत श्रृंखला में स्थित माउंट कुन की 23,200 फीट यानी 7,077 मीटर ऊंची चोटी पर सफलतापूर्वक तिरंगा फहराकर भारतीय रेल का नाम रोशन किया है।

सोनिया कुशवाहा को इस ऐतिहासिक अभियान के लिए 21 अगस्त 2026 को उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में आयोजित विशेष समारोह में महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज सौंपकर रवाना किया था। इस दौरान उत्तर मध्य रेलवे खेल संघ के पदाधिकारी और प्रधान विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।

फ्लैग ऑफ के बाद सोनिया ने 29 अगस्त को माउंट कुन की कठिन चढ़ाई शुरू की। बर्फीले और ग्लेशियर वाले बेहद चुनौतीपूर्ण रास्तों को पार करते हुए उन्होंने 7 सितंबर 2026 को माउंट कुन की चोटी पर तिरंगा फहराया। इतनी अधिक ऊंचाई पर सफलतापूर्वक आरोहण कर उन्होंने महिला पर्वतारोहण के साथ-साथ भारतीय रेल के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की।

माउंट कुन फतह करने के बाद वापसी पर सोनिया कुशवाहा का नागरिकों और रेल परिवार की ओर से ढोल-नगाड़ों, माल्यार्पण और पुष्पगुच्छों के साथ भव्य स्वागत किया गया। उनकी इस उपलब्धि पर उत्तर मध्य रेलवे परिवार में खुशी का माहौल रहा।

महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह, उत्तर मध्य रेलवे खेल संघ के अध्यक्ष शशि प्रकाश द्विवेदी, उपाध्यक्ष बी.पी. सिंह, महासचिव गौतम जैन सहित पूरे उत्तर मध्य रेलवे परिवार ने सोनिया कुशवाहा को इस ऐतिहासिक सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।