रेल यात्रा होगी और आसान, RailOne ऐप पर मिलेंगी कई सेवाएं एक ही जगह

रेल यात्रा होगी और आसान, RailOne ऐप पर मिलेंगी कई सेवाएं एक ही जगह

टिकट बुकिंग से लाइव ट्रेन स्टेटस तक सुविधा; रेलवे ने यात्रियों को अधिकृत डिजिटल माध्यमों के इस्तेमाल की दी सलाह

प्रयागराज। भारतीय रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए विकसित RailOne ऐप रेल यात्रा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सेवाओं को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध करा रहा है। अब यात्रियों को टिकट बुकिंग, ट्रेन की जानकारी, पीएनआर स्थिति, लाइव ट्रेन रनिंग स्टेटस, शिकायत और सहायता जैसी सेवाओं के लिए अलग-अलग माध्यमों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा।

RailOne ऐप के माध्यम से यात्री आरक्षित, अनारक्षित और प्लेटफॉर्म टिकट बुक कर सकते हैं। इसके अलावा ट्रेन की खोज एवं पूछताछ, पीएनआर स्टेटस और ट्रेन की लाइव स्थिति भी आसानी से देखी जा सकती है। यात्रियों की सुविधा के लिए रिटायरिंग रूम बुकिंग सहित कई अन्य सेवाओं को भी एकीकृत डिजिटल व्यवस्था से जोड़ा गया है।

RailMadad और 139 की सुविधा भी उपयोगी

यात्रियों की शिकायत, सुझाव और सहायता के लिए RailMadad सेवाओं को भी इस डिजिटल व्यवस्था से जोड़ा गया है। यात्री किसी समस्या की स्थिति में शिकायत या सहायता संबंधी अनुरोध दर्ज करा सकते हैं।

डिजिटल सेवाओं के साथ रेलवे की 139 हेल्पलाइन भी यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सहायता माध्यम है। ट्रेन और यात्रा संबंधी जानकारी, शिकायत अथवा आवश्यकता पड़ने पर यात्री 139 पर संपर्क कर सकते हैं।

थर्ड पार्टी ऐप से सावधान रहने की सलाह

रेल प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि ट्रेन के समय, ठहराव और लाइव रनिंग स्टेटस की जानकारी के लिए रेलवे के अधिकृत डिजिटल माध्यमों का ही इस्तेमाल करें। रेलवे के अनुसार कुछ मामलों में यात्रियों ने थर्ड पार्टी प्लेटफॉर्म या मोबाइल ऐप से मिली गलत जानकारी पर भरोसा किया, जिसके चलते उनकी ट्रेन छूट गई।

यात्री राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली के माध्यम से भी ट्रेनों की समय-सारणी और लाइव रनिंग स्टेटस की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

संदिग्ध लिंक और वेबसाइट से रहें सावधान

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि अनधिकृत वेबसाइट, मोबाइल ऐप और संदिग्ध लिंक से सावधान रहें। डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करते समय केवल रेलवे के अधिकृत ऐप और पोर्टल का ही उपयोग करें तथा अपनी व्यक्तिगत और वित्तीय जानकारी साझा करने से पहले संबंधित डिजिटल माध्यम की प्रामाणिकता जरूर जांच लें।

रेल प्रशासन का उद्देश्य डिजिटल तकनीक के माध्यम से यात्रियों को सरल, सुगम, त्वरित और एकीकृत सेवाएं उपलब्ध कराना है। RailOne ऐप इसी दिशा में भारतीय रेलवे की महत्वपूर्ण पहल है, जो टिकट से लेकर ट्रेन की जानकारी और यात्री सहायता तक कई सुविधाओं को एक मंच पर उपलब्ध करा रहा है।