18.84 करोड़ से बदलेगा रामदेवरा स्टेशन का स्वरूप, 40 प्रतिशत पुनर्विकास कार्य पूरा

जोधपुर। बाबा रामदेवजी के दर्शन के लिए रामदेवरा पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को जल्द ही रेलवे स्टेशन पर आधुनिक यात्री सुविधाएं मिलेंगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के रामदेवरा स्टेशन का 18.84 करोड़ रुपये की लागत से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास किया जा रहा है। स्टेशन के पुनर्विकास कार्य की भौतिक प्रगति करीब 40 प्रतिशत हो चुकी है।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन को आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। स्टेशन पर 12 मीटर चौड़े फुट ओवरब्रिज, प्लेटफॉर्म बैकवॉल, बड़े प्रतीक्षालय, आरपीएफ बैरक और आउटपोस्ट तथा प्लेटफॉर्म सरफेसिंग का काम चल रहा है।

इसके अलावा स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, बाउंड्री वॉल, प्रवेश और निकास द्वार को भी विकसित किया जा रहा है। प्लेटफॉर्म शेल्टर और स्वच्छ पेयजल जैसी यात्री सुविधाओं में भी सुधार किया जा रहा है। काम पूरा होने के बाद यात्रियों को बेहतर आवागमन, सुविधाजनक प्रतीक्षालय और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध होगा।

रामदेवरा मेले में विशेष इंतजाम

रामदेवरा मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए रेलवे ने यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया है। यात्रियों की सुविधा के लिए जोधपुर मंडल से चार रेल सेवाओं का संचालन मेला स्पेशल के रूप में किया जा रहा है।

स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल और स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवक यात्रियों की सहायता में लगाए गए हैं। स्टेशन परिसर में यात्रियों को मार्गदर्शन देने के साथ भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधाओं की नियमित निगरानी की जा रही है।

पुनर्विकास कार्य पूरा होने के बाद रामदेवरा स्टेशन को आधुनिक स्वरूप मिलेगा। इससे बाबा रामदेवजी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और व्यवस्थित रेल यात्रा का अनुभव मिल सकेगा।