अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर एलिवेटेड रोड बंद, दक्षिण एमएमटीएच भवन में मिलेगी पार्किंग सुविधा

अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर एलिवेटेड रोड बंद, दक्षिण एमएमटीएच भवन में मिलेगी पार्किंग सुविधा

पुनर्विकास कार्यों के चलते रेलवे प्रशासन ने बदली व्यवस्था, यात्रियों से दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील

अहमदाबाद। अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों के चलते एलिवेटेड रोड को बंद कर दिया गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एलिवेटेड रोड से जुड़ी पार्किंग व्यवस्था को दक्षिण मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब (साउथ एमएमटीएच) भवन में स्थानांतरित कर दिया है। अब यात्रियों को पार्किंग के लिए दक्षिण एमएमटीएच भवन में उपलब्ध सुविधा का उपयोग करना होगा।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, स्टेशन के पुनर्विकास के अगले चरण के तहत उत्तर मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब (नॉर्थ एमएमटीएच) का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। निर्माण कार्य को सुचारू रूप से पूरा कराने के उद्देश्य से एलिवेटेड रोड को अस्थायी रूप से बंद किया गया है।

अहमदाबाद रेलवे स्टेशन को आधुनिक एवं विश्वस्तरीय परिवहन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना के तहत पहले ही दक्षिण एमएमटीएच का विकास किया जा चुका है, जबकि उत्तर एमएमटीएच का निर्माण जारी है। दोनों सुविधाओं के माध्यम से यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी, आधुनिक पार्किंग व्यवस्था और सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराने की योजना है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे पार्किंग के लिए दक्षिण एमएमटीएच भवन का उपयोग करें और स्टेशन परिसर में लगाए गए दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पुनर्विकास कार्यों में सहयोग करें।