120 दिनों में बदलेगी अहमदाबाद रेलवे स्टेशन की तस्वीर, विश्वस्तरीय कॉनकोर्स के साथ नए स्वरूप में तैयार होंगे 4 प्लेटफॉर्म

डीआरएम वेद प्रकाश ने 36 घंटे तक लगातार किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण, 457 पाइल और 6,400 मीट्रिक टन स्टील से तैयार होगा आधुनिक ढांचा

अहमदाबाद। अहमदाबाद रेलवे स्टेशन को आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित बनाने की दिशा में पश्चिम रेलवे ने पुनर्विकास कार्यों को तेज कर दिया है। स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4, 5, 6 और 7 को आगामी 120 दिनों में आधुनिक सुविधाओं एवं भव्य कॉनकोर्स के साथ नए स्वरूप में विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश पूरी सक्रियता के साथ जुटे हुए हैं।

निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा सुनिश्चित करने के लिए डीआरएम वेद प्रकाश ने रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए), रेलवे के विभिन्न विभागों और निर्माण एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगातार 36 घंटे तक मैराथन बैठक और स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की बारीकी से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के साथ पूरे किए जाएं।

परियोजना के तहत प्लेटफॉर्म नंबर 4/5 और 6/7 के लिए कुल 457 पाइल, 108 पाइल कैप और 213 पेडेस्टल का निर्माण प्रस्तावित है। इसके साथ ही लगभग 6,400 मीट्रिक टन स्ट्रक्चरल स्टील का फैब्रिकेशन और इरेक्शन किया जाएगा। इन निर्माण कार्यों से आधुनिक कॉनकोर्स और अन्य यात्री सुविधाओं के लिए मजबूत आधारभूत ढांचा तैयार होगा।

डीआरएम ने पाइल फाउंडेशन, पाइल कैप, पेडेस्टल, बैलास्टलेस ट्रैक (बीएलटी) और कॉनकोर्स निर्माण को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों के प्रत्येक चरण की माइक्रो प्लानिंग की जाए तथा पर्याप्त श्रमिकों, मशीनरी और निर्माण सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए।

अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है। ऐसे में पुनर्विकास कार्यों के दौरान रेल परिचालन और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्था की जा रही है। निरीक्षण के दौरान निर्माण सामग्री की आवाजाही, ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक, पुरानी संरचनाओं को हटाने और आवश्यक सुविधाओं के स्थानांतरण को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।

डीआरएम वेद प्रकाश ने कहा कि अहमदाबाद रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास भारतीय रेलवे की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। इसका उद्देश्य यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित 120 दिनों के लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश दिए।

अहमदाबाद रेलवे स्टेशन का यह कायाकल्प यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाओं, आधुनिक बुनियादी ढांचे और नए यात्रा अनुभव की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा। 36 घंटे तक लगातार ग्राउंड जीरो पर समीक्षा कर डीआरएम वेद प्रकाश ने परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के प्रति रेलवे की गंभीरता और प्रतिबद्धता दिखाई है।