चंदौली पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 10 निरीक्षकों का गैरजनपद तबादला; चकिया कोतवाल संजय कुमार सिंह भी गाजीपुर भेजे गए कार्यकाल पूरा होने के बाद मुख्यालय स्तर से जारी हुई तबादला सूची

, कई थानों के प्रभारी भी शामिल; जौनपुर में मिली नई तैनाती, तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय 

चंदौली। जिले के पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जिले में तैनात 10 निरीक्षकों का गैरजनपद तबादला कर दिया गया है। इनमें कई थानों के प्रभारी भी शामिल हैं। निर्धारित सेवा अवधि पूरी होने के बाद मुख्यालय स्तर से जारी आदेश के तहत निरीक्षकों को दूसरे जिलों में नई तैनाती दी गई है। तबादले की सूची में चकिया थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह का नाम भी शामिल है। उनका स्थानांतरण गाजीपुर जनपद के लिए किया गया है। इस खबर के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

जारी तबादला सूची के अनुसार चंदौली में तैनात निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय, सुरेंद्र कुमार यादव, गजराज सिंह, सत्यप्रकाश यादव, चकिया थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह और दिलीप कुमार का स्थानांतरण गाजीपुर जनपद में किया गया है। वहीं, निरीक्षक जंगबहादुर यादव, मुकेश कुमार तिवारी, रमेश यादव और दीनदयाल पांडेय को जौनपुर जनपद भेजा गया है।
इस तरह चंदौली जिले से कुल 10 निरीक्षकों को कार्यमुक्त कर दूसरे जनपदों में तैनाती दी गई है। इनमें चकिया थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह का गाजीपुर स्थानांतरण क्षेत्र में विशेष चर्चा का विषय बना हुआ है। उनके स्थान पर किस अधिकारी को चकिया थाने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, इसको लेकर भी लोगों की निगाहें टिकी हैं।
आदेश में सभी स्थानांतरित निरीक्षकों को तत्काल अपनी नई तैनाती वाले जनपद में पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस महकमे में हुए इस फेरबदल के बाद अब संबंधित थानों में नए प्रभारियों की तैनाती को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।