देवउठनी एकादशी पर रेलवे की सौगात, रेवाड़ी-रींगस के बीच चलेगी अनारक्षित स्पेशल ट्रेन

जयपुर। देवउठनी एकादशी के अवसर पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने रेवाड़ी-रींगस-रेवाड़ी के बीच अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा संचालित करने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 19 और 20 नवंबर 2026 को दोनों दिशाओं में 2-2 फेरे लगाएगी। इससे त्योहार के दौरान यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 09637 रेवाड़ी-रींगस एक्सप्रेस स्पेशल 19 और 20 नवंबर को रेवाड़ी से सुबह 11:00 बजे रवाना होकर दोपहर 2:20 बजे रींगस पहुंचेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 09638 रींगस-रेवाड़ी एक्सप्रेस स्पेशल इसी दिन रींगस से दोपहर 2:55 बजे रवाना होकर शाम 6:20 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी।

रेलवे के अनुसार, यह ट्रेन मार्ग में कुंड, काठूवास, अटेली, नारनौल, अमरपुर जोरासी, निजामपुर, डाबला, मांवडा, नीमकाथाना, कांवट और श्रीमाधोपुर सहित 11 स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

इस स्पेशल ट्रेन में 13 साधारण श्रेणी के डिब्बों और 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 15 डिब्बे होंगे। रेलवे की इस पहल से देवउठनी एकादशी पर यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।