विधानसभा चुनाव से पहले चंदौली पुलिस में फिर होगा बड़ा फेरबदल कई थाना प्रभारी और चौकी प्रभारियों के भी गिरेंगे विकेट, महिला थाना प्रभारी पूजा कौर को हटाकर इलिया थाने में मिली तैनाती

 

चंदौली। विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस महकमे में अभी से हलचल तेज हो गई है। जनपद में कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने और पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल लगातार बड़े फैसले ले रहे हैं। हाल ही में 37 उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव कर नई तैनाती दिए जाने के बाद अब कई थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों के भी विकेट गिरने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में एक बार फिर पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है।

पुलिस महकमे में संभावित बदलाव को लेकर जिले की प्रमुख कोतवालियों से लेकर थानों तक चर्चाओं का बाजार गर्म है। खासकर महत्वपूर्ण थानों और कोतवालियों में तैनात प्रभारियों की कुर्सी पर लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं। इसके साथ ही कई पुलिस चौकियों पर भी नए प्रभारियों की तैनाती किए जाने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात पुलिस अधिकारियों के बीच भी बेचैनी बढ़ने लगी है।

इसी क्रम में जनपद के महिला थाने की प्रभारी पूजा कौर को थाना प्रभारी के पद से हटाकर इलिया थाने में नई तैनाती दी गई है। उनके स्थान पर महिला थाने की जिम्मेदारी अब किसी नए अधिकारी को सौंपी जाएगी। हालांकि पूजा कौर के तबादले को लेकर के अभी कोई सूची जारी नहीं की गई है लेकिन उम्मीद है अगली तबादला सूची में इनका भी नाम शामिल होगा। इस बदलाव के बाद पुलिस महकमे में अन्य थानों और चौकियों पर भी संभावित फेरबदल को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

गौरतलब है कि चंदौली के पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल लगातार कानून व्यवस्था को चुस्त एवं दुरुस्त रखने के लिए प्रयासरत हैं। पुलिसिंग में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ उनके स्तर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। वहीं, अपराध नियंत्रण, जनसुनवाई और पुलिस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए भी सख्त रुख अपनाया जा रहा है। लगातार हो रही कार्रवाई से पुलिस महकमे में पुलिस कप्तान की सख्ती का खौफ बना हुआ है।

अब सबकी निगाहें आगामी पुलिस विभागीय फेरबदल पर टिकी हैं। खासकर किन कोतवालियों और थानों के प्रभारियों की जिम्मेदारी बदलेगी तथा किन पुलिस चौकियों पर नए चेहरे नजर आएंगे, इसे लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में होने वाला बदलाव जनपद की पुलिस व्यवस्था में नई तस्वीर पेश कर सकता है।