अम्बाला मंडल में सीजी अदालत-2026 का आयोजन, अनुकम्पा नियुक्ति के सभी 12 मामलों का मौके पर निस्तारण

अम्बाला। रेलवे कर्मचारियों और उनके आश्रितों की अनुकम्पा नियुक्ति से संबंधित शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए 10 नवंबर को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, अम्बाला छावनी में सीजी अदालत-2026 का आयोजन किया गया। अदालत में प्रस्तुत सभी 12 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

प्रधान कार्यालय, उत्तर रेलवे, नई दिल्ली के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस अदालत की अध्यक्षता अपर मंडल रेल प्रबंधक देवी सिंह मीणा ने की। इस दौरान वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अजय सोयल भी मौजूद रहे। अदालत में अम्बाला मंडल और जगाधरी वर्कशॉप से जुड़े अनुकम्पा नियुक्ति के मामलों की संयुक्त रूप से सुनवाई की गई।

कुल 12 मामलों में अम्बाला मंडल के 10 और जगाधरी वर्कशॉप के 2 मामले शामिल थे। सभी मामलों की आवश्यक जांच और समीक्षा के बाद संबंधित पक्षों को सुनकर मौके पर ही उनका निस्तारण किया गया।

रेलवे प्रशासन ने इस अवसर पर कर्मचारियों और उनके आश्रितों से जुड़े मामलों को संवेदनशीलता, पारदर्शिता और निर्धारित नियमों के अनुसार समयबद्ध तरीके से निपटाने की प्रतिबद्धता दोहराई। अदालत के सफल आयोजन में मंडल की कार्मिक शाखा का विशेष योगदान रहा।