जम्मू मंडल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वाणिज्य कर्मचारियों को डीआरएम ने किया सम्मानित

जम्मू मंडल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वाणिज्य कर्मचारियों को डीआरएम ने किया सम्मानित

वाणिज्यिक कार्यों की समीक्षा के साथ कर्मचारियों को दिया गया सीपीआर प्रशिक्षण, आपात स्थिति में यात्रियों की जान बचाने के बताए तरीके

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में वाणिज्यिक कार्यों को बेहतर बनाने और रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को विशेष बैठक, पुरस्कार वितरण समारोह और सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वाणिज्य कर्मचारियों को मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने सम्मानित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक की अध्यक्षता में आयोजित विशेष बैठक से हुई। इसमें सभी अनुभागों के वाणिज्य निरीक्षकों ने भाग लिया। बैठक के दौरान जम्मू मंडल में चल रहे और लंबित वाणिज्यिक कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। अधिकारियों को गैर-किराया राजस्व के नए स्रोत तलाशने, माल ढुलाई और पार्सल व्यवसाय बढ़ाने के लिए स्थानीय व्यापारियों से लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही यात्री सुविधाओं और स्वच्छता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर जोर दिया गया।

यात्रियों की सुरक्षा और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए मंडल के चिकित्सा अधिकारियों ने वाणिज्य कर्मचारियों को सीपीआर का विशेष प्रशिक्षण भी दिया। चिकित्सकों की टीम ने हृदय गति रुकने जैसी आपातकालीन स्थिति में यात्रियों और सहकर्मियों की जान बचाने के लिए सीपीआर देने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के अंत में वाणिज्यिक कार्यों में सराहनीय योगदान देने वाले कर्मचारियों को मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कर्मचारियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और चिकित्सा टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जम्मू मंडल के रेलकर्मी वाणिज्यिक कार्यों के साथ यात्री सुरक्षा सतर्कता और सेवा भावना में भी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।