जम्मू मंडल में 6 टिकट चेकिंग कर्मचारी सम्मानित, ईमानदारी और यात्री सेवा के लिए मिला प्रशस्ति पत्र

जम्मू मंडल में 6 टिकट चेकिंग कर्मचारी सम्मानित, ईमानदारी और यात्री सेवा के लिए मिला प्रशस्ति पत्र

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में उत्कृष्ट कार्यकुशलता, ईमानदारी और यात्री सेवा के लिए वाणिज्य विभाग के 6 टिकट चेकिंग कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। 29 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इन कर्मचारियों ने टिकट जांच, रेलवे राजस्व बढ़ाने और यात्रियों की सहायता करने में सराहनीय योगदान दिया है।

रेलवे के अनुसार, सम्मानित कर्मचारियों ने बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाकर रेल राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि की। इसके साथ ही डिजिटल इंडिया अभियान को बढ़ावा देते हुए यूपीआई और पीओएस मशीनों के माध्यम से डिजिटल जुर्माना वसूलने में भी बेहतर प्रदर्शन किया। इससे जुर्माना वसूली की प्रक्रिया में पारदर्शिता को बढ़ावा मिला।

इन कर्मचारियों ने ड्यूटी के दौरान बुजुर्गों, दिव्यांगों और महिला यात्रियों की सहायता करने के साथ ही यात्रियों का खोया हुआ सामान सुरक्षित लौटाकर मानवीय सेवा का भी परिचय दिया। उनके इसी समर्पण और जिम्मेदारी को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने उन्हें सम्मानित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि टिकट चेकिंग कर्मचारी भारतीय रेलवे का चेहरा होते हैं। यात्रियों के प्रति उनका व्यवहार रेलवे की सकारात्मक छवि बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि रेल राजस्व बढ़ाने के साथ-साथ जरूरतमंद यात्रियों की मदद करना और मानवीय सेवा प्रदान करना भी रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

कार्यक्रम के अंत में उचित सिंघल ने सभी 6 कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की। रेलवे प्रशासन ने उम्मीद जताई कि कर्मचारियों का यह समर्पण अन्य रेलकर्मियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा और यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।