नवरात्रि पर जगमगाएगा हरदोई, डीएम राहुल पाण्डेय ने किया प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

हरदोई। नवरात्रि पर्व के मद्देनजर शहर की प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने नगर क्षेत्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रमुख चौराहों, मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में कहीं भी स्ट्रीट लाइट खराब मिलने या प्रकाश व्यवस्था में कमी होने पर तत्काल सुधार कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नवरात्रि के दौरान शहर की सड़कें और प्रमुख सार्वजनिक स्थल पर्याप्त रोशनी से जगमगाते रहने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खराब स्ट्रीट लाइटों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहार के दौरान शहर में लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में आमजन की सुविधा, यातायात की सुगमता और रात्रि के समय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रकाश व्यवस्था का सुचारु रहना बेहद जरूरी है। इसके लिए संबंधित विभागों को नियमित निगरानी रखने और समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्देशों का पालन नहीं करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी के इस निरीक्षण का उद्देश्य नवरात्रि के दौरान शहर में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, अधिशासी अधिकारी रामेंद्र कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।