मुरादाबाद में पटाखा गोदामों और बिक्री केंद्रों का फायर ऑडिट, सुरक्षा मानकों को लेकर चलाया जागरूकता अभियान

पटाखा कारोबारियों को अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण

मुरादाबाद में पटाखा गोदामों और बिक्री केंद्रों का फायर ऑडिट, सुरक्षा मानकों को लेकर चलाया जागरूकता अभियान

मुरादाबाद। दीपावली से पहले अग्नि सुरक्षा को मजबूत करने के लिए मुरादाबाद अग्निशमन विभाग ने पटाखों के भंडारण, निर्माण और बिक्री से जुड़े प्रतिष्ठानों में विशेष अग्नि सुरक्षा अभियान चलाया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ कर्मचारियों को आग से बचाव और आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी का प्रशिक्षण दिया गया।

अभियान के तहत अग्निशमन विभाग की टीमों ने दो स्थानों पर पहुंचकर फायर ऑडिट किया। इस दौरान आठ लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। टीम ने अग्नि सुरक्षा उपकरणों और बचाव व्यवस्था की जानकारी लेते हुए संबंधित संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अग्निशमन कर्मियों ने संस्थान स्वामियों और कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले कदम, सुरक्षित निकासी और आग से बचाव के जरूरी उपायों की जानकारी दी। साथ ही पटाखों के भंडारण एवं बिक्री के दौरान विशेष सावधानी बरतने पर जोर दिया गया।

अभियान के दौरान अगवानपुर बाईपास स्थित शाहनवाज के प्रतिष्ठान और ग्राम मछरिया स्थित बीके फायरवर्क्स में अग्नि सुरक्षा संबंधी जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

अग्निशमन विभाग के इस अभियान का उद्देश्य पटाखों से जुड़े प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कर्मचारियों को पूरी तरह तैयार रखना है। विभाग ने कारोबारियों से अग्नि सुरक्षा मानकों का गंभीरता से पालन करने की अपील की है।