उत्तर मध्य रेलवे के माल लदान में 8.1 प्रतिशत की रिकॉर्ड बढ़ोतरी

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में माल लदान के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया रिकॉर्ड बनाया है। अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच उत्तर मध्य रेलवे ने 10.84 मिलियन टन माल का लदान किया, जो पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि के 10.03 मिलियन टन की तुलना में 8.1 प्रतिशत अधिक है।

भारतीय रेलवे के स्तर पर इसी अवधि में माल लदान में 4.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। ऐसे में उत्तर मध्य रेलवे की वृद्धि दर भारतीय रेलवे की औसत वृद्धि से करीब दोगुनी रही।

रेलवे ने नए माल यातायात को भी अपने साथ जोड़ने में सफलता हासिल की। महाराजा छत्रसाल स्टेशन छतरपुर से डोलोमाइट के 28 रेक, यानी 0.11 मिलियन टन तथा बेवरा स्टेशन से लौह अयस्क के 12 रेक, यानी 0.05 मिलियन टन का नया लदान किया गया।

वहीं प्रमुख माल श्रेणियों में खाद्यान्न लदान में 51.7 प्रतिशत, गिट्टी में 19.6 प्रतिशत, कंटेनर में 11.9 प्रतिशत, सीमेंट में 6.9 प्रतिशत और फ्लाई ऐश में 5.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई।

उत्तर मध्य रेलवे के इस प्रदर्शन से माल परिवहन, वैगन रोटेशन और उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन के साथ रेलवे के राजस्व में वृद्धि को भी बल मिला है।