गांधी जयंती पर हरदोई में विविध कार्यक्रम, डीएम ने दिलाया सत्य-अहिंसा और स्वच्छता का संदेश, सर्वधर्म प्रार्थना सभा और चरखा यज्ञ का हुआ आयोजन

हरदोई। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर गुरुवार को जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने पुलिस लाइन के सामने स्थित गांधी पार्क पहुंचकर गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण कर महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण किया। स्वच्छता वाटिका स्थित गांधी जी की प्रतिमा पर भी श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
कलेक्ट्रेट में जेके पब्लिक स्कूल के बच्चों ने गांधी जी के प्रिय भजन ?वैष्णव जन तो तेने कहिए? की प्रस्तुति दी। डीएम ने बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। स्वच्छता के क्षेत्र में योगदान देने वाले स्वच्छाग्रहियों को भी सम्मानित किया गया।
इसके बाद जिलाधिकारी गांधी भवन पहुंचे, जहां ध्वजारोहण के बाद गांधी जी की प्रतिमा तथा गांधी-शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण किया। गांधी हाल में लगी गांधी जी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। गांधी मैदान में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का शुभारंभ कर स्टॉलों का निरीक्षण किया और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली।
गांधी भवन में सर्वधर्म प्रार्थना सभा और चरखा यज्ञ का आयोजन हुआ। विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों ने प्रार्थना प्रस्तुत की। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, न्यू सनबीम स्कूल, सेंट जेवियर्स स्कूल और स्प्रिंग डेल्स स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी।
डीएम ने कहा कि गांधी जी के सत्य और अहिंसा तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी और दृढ़ता के विचारों को जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति अपनी भूमिका में पूरी निष्ठा से कर्तव्यों का निर्वहन करे, यही महान विभूतियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इसके बाद सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत डीएम ने गांधी भवन से ई-रिक्शा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से सड़क सुरक्षा नियमों और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान सीडीओ नेहा ब्याडवाल, एडीएम न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार समेत अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।