12 प्रमुख मार्गों पर 7 किलोमीटर सड़क गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य : स्वर्ण सिंह

रायबरेली । बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त हुई शहर की प्रमुख सड़कों को दुरुस्त करने के लिए नगर पालिका परिषद ने गड्ढामुक्ति अभियान तेज कर दिया है । डीएम सरनीत कौर ब्रोका के निर्देश पर अधिशासी अधिकारी स्वर्ण सिंह की निगरानी में शहर के विभिन्न मार्गों पर पैचवर्क, मरम्मत, नवीनीकरण और विशेष मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है । नगर पालिका ने नवरात्रि से पहले यानी 10 अक्टूबर तक प्रमुख सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य तय किया है ।

अधिशासी अधिकारी स्वर्ण सिंह के अनुसार, शासन के निर्देशों के क्रम में शहर की प्रमुख सड़कों को चिह्नित कर करीब 7 किलोमीटर सड़क को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है । इसमें सुपर मार्केट से घंटाघर, गल्ला मंडी रोड, बॉम्बे धर्मकांटा रोड, नेहरू नगर रेलवे क्रॉसिंग से ओवरब्रिज रोड, नेहरू नगर रेलवे क्रॉसिंग से डिग्री कॉलेज रोड, जेल गार्डन रोड, खालसा चौक से अस्पताल चौराहा, जिलाधिकारी आवास से घंटाघर, बस स्टाप चौराहा से कानपुर रोड, कहारों का अड्डा से किला बाजार और डिग्री कॉलेज चौराहा से घोसियाना रोड सहित अन्य मार्ग शामिल है ।

इसके अलावा करीब 5 किलोमीटर सड़क पर नवीनीकरण, रेस्टोरेशन और विशेष मरम्मत का कार्य भी कराया जा रहा है । इसमें पहलवान बीर बाबा नगर रोड , खालसा चौक से अंबेडकर मूर्ति रोड, इंदिरा नगर क्रॉसिंग से बरगद चौराहा, बस स्टाप चौराहा से रायबरेली - कानपुर रोड, अखिलेशपुरम से काशीराम कॉलोनी रोड, लखनऊ-प्रयागराज मार्ग से आईटीआई फैक्ट्री गेट, खालसा चौक से रिफॉर्म क्लब, टिकारी कोठी से प्रयागराज रोड, अभयदाता मंदिर मार्ग और आईटीआई गेट से बालापुर मोड़ समेत अन्य मार्ग शामिल हैं ।

नगर पालिका के अधिकारियों के मुताबिक लंबे समय से खराब मनिका टॉकीज मार्ग और अभयदाता मंदिर मार्ग पर भी सुधार कार्य कराया जा रहा है । जहां सड़क की स्थिति अधिक खराब है, वहां केवल गड्ढों की मरम्मत के बजाय स्थायी सुधार पर जोर दिया जा रहा है । 

*व्यापारियों ने नगर पालिका का जताया आभार*

सड़क मरम्मत अभियान शुरू होने के बाद प्रमुख बाजारों के व्यापारियों ने नगर पालिका के प्रयासों पर संतोष जताते हुए धन्यवाद दिया । वही नगर पालिका के नामित सदस्यों ने भी अभियान को गति देने के लिए अधिशासी अधिकारी स्वर्ण सिंह का आभार जताया । उनका कहना है कि त्योहारों के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ के बीच सड़कों का दुरुस्त होना आम लोगों के लिए राहत देगा ।

नगर पालिका का दावा है कि निर्धारित समय सीमा में अधिक से अधिक प्रमुख मार्गों को गड्ढामुक्त कर आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने का प्रयास किया जा रहा है ।