ऊंचाहार में आस्था का महासंगम,शिव महापुराण कथा में उमड़ा लाखों का जनसमुद्र

तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल की गरिमामयी मौजूदगी, शिव महापुराण कथा में दिग्गजों का जमावड़ा; तमाम मंत्री-विधायक एवं विशिष्टजन रहे मौजूद

ऊंचाहार,रायबरेली।क्षेत्र में चल रही श्री शिव महापुराण कथा के पंचम दिवस आस्था का विराट जनसैलाब उमड़ा।पूज्य पं. प्रदीप मिश्रा जी के श्रीमुख से भगवान महादेव की महिमा और सनातन संस्कृति का संदेश सुनने के लिए लाखों श्रद्धालु कथा स्थल पहुंचे।विशाल पंडाल से लेकर आसपास के मैदानों और मार्गों तक शिवभक्तों का जनसमुद्र दिखाई दिया।हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा।

पंचम दिवस पूज्य पं. प्रदीप मिश्रा जी ने भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि महादेव सनातन जीवन-दर्शन के आधार हैं।शिवभक्ति मनुष्य को त्याग, तपस्या, संयम, करुणा और लोककल्याण की प्रेरणा देती है।उन्होंने श्रद्धालुओं से शिव के प्रति आस्था को जीवन और आचरण का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।कथा के दौरान लाखों श्रद्धालु भाव-विभोर होकर कथा का श्रवण करते रहे।

कथा के पंचम दिवस तेलंगाना के राज्यपाल श्री शिव प्रताप शुक्ल भी पहुंचे। उन्होंने पूज्य पं. प्रदीप मिश्रा जी का आशीर्वाद लिया और भगवान महादेव के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति भारत की आत्मा है और भगवान शिव त्याग, तपस्या, करुणा एवं लोककल्याण के प्रतीक हैं।ऐसी कथाएं समाज को संस्कारों से जोड़ने और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से परिचित कराने का महत्वपूर्ण कार्य करती हैं।

महामहिम राज्यपाल ने इस विराट आयोजन के लिए कैबिनेट मंत्री श्री मनोज कुमार पांडेय के प्रयासों की विशेष सराहना की।उन्होंने मनोज पांडेय जी से अपने आत्मीय संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके साथ लंबे समय से आत्मीयता और विश्वास का रिश्ता रहा है।उन्होंने कहा कि मनोज पांडेय जी ने जिस श्रद्धा, संकल्प और समर्पण के साथ ऊंचाहार में इस विशाल धार्मिक आयोजन को साकार किया है,वह प्रशंसनीय है।

कैबिनेट मंत्री श्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि ऊंचाहार में शिव महापुराण कथा का आयोजन क्षेत्र की जनता की भगवान महादेव के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक है। लाखों श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसमुद्र सनातन आस्था की जीवंत शक्ति का प्रमाण है।उन्होंने कहा कि यह आयोजन कथा के साथ भक्ति, सेवा,संस्कार और सनातन संस्कृति का विराट संगम बन गया है।

इस अवसर पर राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी, राज्यमंत्री मनोहर लाल कोरी, लोक गायिका एवं पद्मश्री मालिनी अवस्थी, वरिष्ठ आईएएस वेदपति मिश्र, विधायक सुभाष त्रिपाठी, विधायक पूनम संघवार, सांसद अशोक रावत, विधायक संजय कुमार जायसवाल तथा पूर्व विधायक हरिओम यादव समेत बड़ी संख्या में मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि एवं विशिष्टजन मौजूद रहे।

लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति को देखते हुए आयोजन स्थल पर सुरक्षा, यातायात, पेयजल, चिकित्सा और स्वच्छता की व्यापक व्यवस्थाएं की गईं। पंचम दिवस ऊंचाहार में आस्था का महासंगम, शिवभक्ति का विराट जनसैलाब और दिग्गजों का जमावड़ा आकर्षण का केंद्र रहा।