वडनगर रेलवे स्टेशन पर 76 दिव्यांग बच्चों ने 76 केक काटकर मनाया प्रधानमंत्री का जन्मदिवस

अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर 2026 को पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल स्थित वडनगर रेलवे स्टेशन पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गुजरात के 76 दिव्यांग बच्चों ने 76 केक काटकर और 76 दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री का जन्मदिवस मनाया।

इस दौरान दिव्यांग बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने पूरे जोश के साथ ?जियो हजारों साल? गीत गुनगुनाकर प्रधानमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। बच्चों की सहभागिता से कार्यक्रम का माहौल उत्साह और उमंग से भर गया।

खेल महाकुंभ में दिव्यांग खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा

प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर वडनगर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेल महाकुंभ के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में दिव्यांग खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में आईआरसीटीसी के कर्मचारियों, लोको पायलटों, सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों और अन्य रेल कर्मचारियों ने भी सहभागिता कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्साह और प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया।

खेल महाकुंभ और अन्य गतिविधियों के माध्यम से दिव्यांग प्रतिभागियों में आत्मविश्वास, सहभागिता और समावेशिता की भावना को बढ़ावा दिया गया। कार्यक्रम ने दिव्यांग बच्चों और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ ही समावेशी समाज का संदेश भी दिया।